मनोरंजन
10-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में रियलिटी शो द 50 से बाहर होने के बाद अभिनेत्री दिव्या अग्रवाल ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि अब वह आगे किस दिशा में काम करना चाहती हैं। एक इंटरव्यू में दिव्या अग्रवाल ने खुलकर कहा कि शो से बाहर आकर उन्हें राहत महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि यह शो काफी हद तक पुरुष प्रधान था और इसमें काफी ज्यादा शारीरिक गतिविधियां शामिल थीं। उनके मुताबिक शो के दौरान हर प्रतिभागी खुद को सामने लाने की कोशिश में लगा रहता था, जिसके कारण कई बार कंटेस्टेंट एक-दूसरे के बारे में अजीब या अनचाही बातें भी कह देते थे। ऐसे हालात कई बार माहौल को असहज बना देते थे। दिव्या ने यह भी बताया कि उन्होंने इस शो में हिस्सा अपने फैंस की वजह से लिया था। लंबे समय से उनके प्रशंसक चाहते थे कि वह किसी और रियलिटी शो में नजर आएं। इसी वजह से उन्होंने द 50 का हिस्सा बनने का फैसला किया। हालांकि अब उनका कहना है कि वह भविष्य में किसी भी तरह का रियलिटी शो करने की योजना नहीं बना रही हैं। दिव्या ने स्पष्ट किया कि आगे उनका पूरा ध्यान केवल अभिनय पर रहेगा और वह अपने एक्टिंग करियर को मजबूत बनाने पर फोकस करना चाहती हैं। अगर उनके करियर की बात करें तो दिव्या अग्रवाल ने मनोरंजन जगत में अपनी पहचान एक रियलिटी शो प्रतिभागी के रूप में बनाई। साल 2017 में उन्होंने एमटीवी स्प्लीटसविला 10 में हिस्सा लिया था, जहां वह अभिनेता प्रियंक शर्मा के साथ रनर-अप रहीं। इसी शो से उन्हें व्यापक पहचान मिली और वह दर्शकों के बीच लोकप्रिय होने लगीं। इसके बाद 2018 में दिव्या ने एमटीवी एसीई आफ स्पेस में भाग लिया और इस शो की विजेता बनीं। इस जीत ने उन्हें टीवी इंडस्ट्री में मजबूत पहचान दिलाई। बाद में उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और हॉरर वेब सीरीज रागिनी एमएमएस: रिटर्नस के दूसरे सीजन में नजर आईं। उनके करियर का बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने बिग बॉस् ओटीटी सीजन 1 का खिताब जीता। इस जीत के बाद उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ और उन्हें कई वेब सीरीज, म्यूजिक वीडियो और अन्य प्रोजेक्ट्स में काम करने के अवसर मिलने लगे। अब दिव्या अग्रवाल अपने अभिनय करियर को आगे बढ़ाने और नए प्रोजेक्ट्स के जरिए दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाने की तैयारी कर रही हैं। मालूम हो कि रियलिटी शोज की दुनिया हमेशा से प्रतिस्पर्धा, रणनीति और ड्रामा के लिए जानी जाती है। इन शोज में हिस्सा लेने वाले कलाकारों को मानसिक और शारीरिक दोनों स्तरों पर काफी मेहनत करनी पड़ती है। सुदामा/ईएमएस 10 मार्च 2026