मुंबई (ईएमएस)। बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार जसवंत बोपन्ना ने रियलिटी शोज के जरिए युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। अब वह म्यूजिक वीडियो की दुनिया में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। हाल ही में उनका नया म्यूजिक वीडियो धागे रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। यह गाना इमोशन्स से भरपूर है और इसमें प्यार, दूरी और अनकही भावनाओं की कहानी को दर्शाया गया है। गाने को लेकर जसवंत बोपन्ना ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके दिल के बेहद करीब है। उनके अनुसार यह एक ऐसा एहसास है जिससे हर वह व्यक्ति जुड़ सकता है जिसने कभी किसी से सच्चा प्यार किया हो या किसी रिश्ते में दूरी का अनुभव किया हो। उन्होंने बताया कि आज के दौर में कई रिश्ते ऐसे होते हैं जहां लोग एक-दूसरे से बहुत कुछ कहना चाहते हैं, लेकिन कई बातें दिल में ही रह जाती हैं। यह गाना उन्हीं अनकही भावनाओं और रिश्तों की जटिलताओं को सामने लाने की कोशिश करता है। जसवंत ने कहा कि इस गाने पर काम करना उनके लिए खास अनुभव रहा। इस प्रोजेक्ट के दौरान उन्हें कई प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करने का अवसर मिला। इस गाने को मशहूर गायक पापोन और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है, जिन्होंने गीत की भावनाओं को बेहद खूबसूरती से पेश किया है। गाने का निर्माण टिप्स म्यूजिक ने किया है, जबकि इसका संगीत समीर टंडन ने तैयार किया है। इसके बोल मशहूर गीतकार समीर अंजान ने लिखे हैं। म्यूजिक वीडियो में जसवंत बोपन्ना के साथ अभिनेत्री अपूर्वा सोनी नजर आ रही हैं और दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री गाने को और भी प्रभावशाली बनाती है। अगर जसवंत बोपन्ना के करियर की बात करें तो उन्होंने शुरुआत फिटनेस और मॉडलिंग से की थी। वह पहले एक फिटनेस ट्रेनर के रूप में काम करते थे और कई फैशन ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग भी कर चुके हैं। उन्हें असली पहचान एमटीवी रेडियोज 2022 से मिली, जहां से उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी। इसके बाद उन्होंने बिग बॉस कोन्नाडा ओटीटी में भी हिस्सा लिया और दर्शकों का ध्यान खींचा। उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने एमटीवी स्प्लीटसविला एक्स5 का खिताब जीता। सुदामा/ईएमएस 10 मार्च 2026