चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु के कई जिलों में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी बीच, चेन्नई मौसम विभाग ने चेन्नई और थिरुवल्लूर जिलों के लिए आज रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र चेन्नई, थिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में मंगलवार (2 दिसंबर) को स्कूल और कॉलेजों की छुट्टी घोषित कर दी है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘डिडवा’ कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इसके बाद भी प्रभावित क्षेत्रों में बारिश रुक नहीं रही है। सोमवार सुबह से ही चेन्नई और आसपास के इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है। अंबत्तूर, अवडी, विरुगंबाक्कम और वडपलनी जैसे कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। वहीं, ग्रीनवे रोड सहित कई सड़कों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें पेड़ों को हटाने और पानी निकासी के कार्य में जुटी हुई हैं। बारिश की तीव्रता बढ़ने से कई नीचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया है, जिसके कारण प्रमुख सड़कों और अंडरपासों में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। इससे सामान्य जीवन पर गंभीर असर पड़ा है। मौसम विभाग का कहना है कि चेन्नई और थिरुवल्लूर में आज 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। निचला दबाव क्षेत्र के और नजदीक आने के कारण अगले कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताए जा रहे हैं। लगातार बारिश को देखते हुए आस-पास के जिलों से एनडीआरएफ की कई टीमें चेन्नई भेजी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर बचाव और राहत कार्य तेज़ी से किया जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक घरों से बाहर न निकलें और मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें।