मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई-पुणे समेत देश-विदेश के मशहूर रामी होटल पर आयकर विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के बाद होटल जगत में हड़कंप मचा है। बताया गया है कि 2 दिसंबर को तड़के आयकर विभाग दादर स्थित रामी होटल पर छापेमारी की गई और पूरे दिन 38 जगहों पर छापेमारी की। छापेमारी वाली जगह पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग होटल के वित्तीय लेनदेन में घोटाले के शक की जांच कर रहा है। हालांकि आयकर विभाग ने अभी तक इस छापेमारी के बारे में कोई अधिकृत जानकारी साझा नहीं की है। आपको बता दें कि रामी ग्रुप के देश-विदेश में 52 होटल हैं। खास बात यह है कि बॉलीवुड सेलेब्रिटीज की पसंदीदा जगह बॉम्बे अड्डा होटल भी इसी ग्रुप का है। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम ने सांताक्रूज में रामी ग्रुप ऑफ होटल्स के हेडक्वार्टर, दादर पूर्व के एक होटल और ग्रुप के मालिक के घर पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई टैक्स चोरी के सिलसिले में की गई है। ये छापेमारी मुंबई समेत देश भर के 10 शहरों में कुल 38 जगहों पर एक साथ की गई है। रामी होटल ग्रुप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर ग्रुप है। राज शेट्टी ने 1985 में इस होटल की शुरुआत की थी। भारत के साथ-साथ इस ग्रुप के बहरीन, दुबई और ओमान जैसे देशों में भी होटल, रिसॉर्ट और अपार्टमेंट हैं। राज शेट्टी अभी इस ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उन्होंने 18 साल की उम्र में दुबई जाने के बाद 1985 में इस ग्रुप की शुरुआत की थी। रामी ग्रुप के भारत और खाड़ी देशों में 52 होटल हैं। आयकर विभाग ने राज शेट्टी और इस होटल ग्रुप से जुड़े दूसरे अहम अधिकारियों के ऑफिस पर छापे मारे हैं। राज शेट्टी ने फोर्ब्स मिडिल ईस्ट मैगज़ीन में यूएई में टॉप 100 भारतीय लीडर्स की लिस्ट में जगह बनाई थी। * पहले भी पड़ चुके हैं छापे, क्रिकेट सट्टा और सेक्स रैकेट का हुआ था पर्दाफाश यह पहली बार नहीं है जब रामी होटल ग्रुप पर इस तरह के छापे मारे गए हैं। इससे पहले, जून 2019 में माटुंगा पुलिस ने दादर पूर्व में रामी गेस्टलाइन होटल पर छापा मारा था। पुलिस ने होटल की सातवीं मंज़िल पर छापा मारा था। खबर मिली थी कि वहां क्रिकेट सट्टा रैकेट चलाया जा रहा था। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर भी शामिल था। इससे पहले, 2012 में खार में रूमी गेस्टलाइन होटल के डिस्कोथेक मैडनेस पर कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने होटल पर छापा मारा था क्योंकि यह तय समय के बाद भी चल रहा था और एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ था। इस मामले में दस कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया था और 16 लड़कियों को बचाया गया था। संजय/संतोष झा- ०३ दिसंबर/२०२५/ईएमएस