-कहा- नौसेना है अनुशासन, करुणा और जिम्मेदारी का प्रतीक नई दिल्ली,(ईएमएस)! भारतीय नौसेना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने देश के नौसैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने भारतीय नौसेना की अदम्य प्रतिबद्धता, मानवीय सेवा और समुद्री सुरक्षा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, नौसेना अनुशासन, करुणा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना के कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं! देश उन बहादुर पुरुषों और महिलाओं को सलाम करता है जो साहस, सतर्कता और अटूट प्रतिबद्धता के साथ हमारी समुद्री सीमाओं और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करते हैं। व्यापार मार्गों को सुरक्षित करने और ब्लू इकोनॉमी को मजबूत करने से लेकर मानवीय मिशनों का नेतृत्व करने तक, भारतीय नौसेना अनुशासन, करुणा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसी के साथ ही राष्ट्रपति ने नौसेना की विभिन्न भूमिकाओं—समुद्री सुरक्षा, अंतर्राष्ट्रीय मिशन, मानवीय सहायता और वैश्विक स्थिरता—में उसके बढ़ते योगदान को रेखांकित किया। राधाकृष्णन ने की वीरता और समर्पण की सराहना उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी नौसेना दिवस पर अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा, भारतीय नौसेना भारत की समुद्री शक्ति, सतर्कता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारे समुद्र तटों को सुरक्षित रखने से लेकर हिंद महासागर क्षेत्र और उससे परे शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने तक, नौसेना पेशेवरिता, साहस और सेवा के सर्वोच्च मानकों को बनाए रखती है। इसी के साथ ही उन्होंने नौसेना कर्मियों और उनके परिवारों के त्याग, निस्वार्थ सेवा और समर्पण को सलाम किया। गौरतलब है कि भारतीय नौसेना दिवस देश के उन जांबाज जवानों के साहस, पराक्रम और समर्पण को सलाम करने का अवसर है जो समुद्र की गहराइयों से लेकर आसमान की ऊंचाइयों तक 24 घंटे राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। हिदायत/ईएमएस 04दिसंबर25