राष्ट्रीय
04-Dec-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने नेपाली रुपया और भारतीय रुपया के प्रचलन से संबंधित पुराने नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब नेपाल में भारतीय रुपये के 200 और 500 मूल्य के नोट भी ले जाने और इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी गई। इससे पहले नेपाल में बड़े मूल्य के भारतीय नोटों पर प्रतिबंध था, इससे यात्री और व्यापारियों को काफी परेशानी होती थी। आरबीआई ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन नियमों में संशोधन कर फैसला लिया है कि भारत से नेपाल या भूटान यात्रा करने वाले यात्री अब 25,000 रुपये तक की भारतीय मुद्रा, जिसमें 200 और 500 के नोट भी शामिल हैं, अपने साथ ले जा सकते है। इसके साथ ही नेपाल या भूटान से भारत लौटते वक्त भी इसी सीमा तक भारतीय नोट लाना संभव होगा। ये कदम दोनों देशों के बीच आर्थिक और सामाजिक संपर्कों को और मजबूत बनाने का प्रयास माना जा रहा है। रिजर्व बैंक ने स्पष्ट किया कि ये सुविधा सिर्फ नेपाल और भूटान के नागरिकों के लिए है। उधर, नेपाल राष्ट्र बैंक ने भी इस फैसले को स्वीकार करते हुए आवश्यक व्यवस्था कर ली है, ताकि दोनों देशों के नागरिकों के लिए मुद्रा विनिमय में आसानी हो सके। इससे नेपाल में भारतीय नोटों के पुराने प्रतिबंध हट जाएंगे और पर्यटन, व्यापार तथा श्रमिक वर्ग को राहत मिलेगी। बता दें कि भारत-नेपाल सीमा पर रोजाना हजारों लोग आवागमन करते हैं, जिसमें पर्यटक, व्यापारी और काम की तलाश में भारत आने वाले नेपाल के लोग भी शामिल हैं। कई बार नोट बदलवाने में कालाबाजारी और परेशानी का सामना करना पड़ता था। आशीष दुबे / 04 दिसंबर 2025