ज़रा हटके
05-Dec-2025
...


वाशिंगटन (ईएमएस)। दक्षिण अमेरिका के पेरू देश के एंडीज पर्वत श्रृंखला के एक छोटे से गांव में लीना मार्सेला मेदिना नाम की मात्र 5 साल 7 महीने की बच्ची ने एक बच्चे को जन्म देकर पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था। करीब 85 साल पहले हुई यह घटना आज भी एक रहस्य बनी हुई है। दुनिया की सबसे कम उम्र की मां बनने का रिकॉर्ड भी बना था। यह घटना 1939 में घटित हुई थी, जब यूरोप में द्वितीय विश्व युद्ध की शुरुआत का माहौल बन रहा था। उस समय किसी भी डॉक्टर या वैज्ञानिक ने यह कल्पना भी नहीं की थी कि इतनी कम उम्र की बच्ची गर्भ धारण कर सकती है। लीना का परिवार बेहद गरीबी में जीवन बिता रहा था। जब उसका पेट धीरे-धीरे बढ़ने लगा, तो गांव के लोगों को लगा कि कोई धार्मिक चमत्कार हो रहा है। पड़ोसियों ने उसे “वर्जिन मैरी” या “सूर्य देवता” का आशीर्वाद बताया। परिवार ने भी इसे किसी बुरी आत्मा का असर समझकर ओझा-गुनियों और तांत्रिकों की मदद लेनी शुरू कर दी, लेकिन हालत जस की तस रही। अंततः लीना के पिता उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने पहले इसे ट्यूमर समझा, लेकिन जांच में पता चला कि वह सात महीने की गर्भवती थी। यह जानकर पूरा मेडिकल स्टाफ सन्न रह गया कि महज 5 साल की बच्ची गर्भवती कैसे हो सकती है। 14 मई 1939 को लीना ने सर्जरी के माध्यम से एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया, जिसका वजन लगभग 2.7 किलोग्राम था। बच्चे का नाम गेरार्डो रखा गया, जो उस डॉक्टर के नाम पर था जिसने ऑपरेशन किया था। मेडिकल रिपोर्ट्स से यह साबित हुआ कि लीना को असामान्य रूप से बहुत जल्दी यौवन प्राप्त हो गया था और गर्भ धारण तक उसके प्रजनन अंग पूरी तरह विकसित हो चुके थे। इसी वजह से यह असंभव लगने वाली घटना संभव हो पाई। जन्म के बाद बच्चे को परिवार में पाला गया, लेकिन गेरार्डो को यह बताया गया कि लीना उसकी बहन है। जब वह 10 साल का हुआ, तब सच सामने आया कि वास्तव में लीना ही उसकी मां है। वर्ष 1979 में 40 वर्ष की आयु में अस्थि मज्जा रोग से गेरार्डो की मौत हो गई। सबसे बड़ा सवाल जिसने दुनिया को सबसे ज्यादा परेशान किया, वह यह था कि लीना को गर्भवती करने वाला व्यक्ति कौन था? शक के आधार पर उसके पिता को गिरफ्तार किया गया, लेकिन कोई ठोस सबूत न मिलने पर उन्हें रिहा कर दिया गया। बाद में चाचा, भाई और यहां तक कि परिवार के माली पर भी संदेह हुआ, पर किसी के खिलाफ भी आरोप साबित नहीं हो सके। गर्भवस्था सार्वजनिक होने के बाद माली अचानक गायब हो गया, जिससे रहस्य और गहरा हो गया। आज 85 साल बाद भी इस घटना के पीछे का अपराधी कौन था, यह सवाल अनुत्तरित है। यह मामला विज्ञान के लिए आश्चर्य और मानव समाज के लिए एक दर्दनाक पहेली बना हुआ है। सुदामा/ईएमएस 05 दिसंबर 2025