- किसानों की समस्याओं पर तहसीलदार ने लिया फीडबैक - मंडल अध्यक्ष ने दिलाया समाधान का भरोसा कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में इन दिनों सभी धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में लेमरू धान खरीदी केंद्र का तहसीलदार लीलाधर ध्रुव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर धान बिक्री के दौरान आ रही समस्याओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से संचालित हों। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी हर छोटी-बड़ी समस्या को गंभीरता से उठाया जाएगा और प्रदेश की संवेदनशील सरकार तक पूरी मजबूती से पहुँचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों का हित प्रथम प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अनेक किसान उपस्थित रहे। किसानों ने प्रशासनिक टीम को अपनी समस्याओं और सुझावों से अवगत कराया तथा इस पहल का स्वागत किया।