05-Dec-2025


(जबलपुर) राजस्व अमले के साथ जल विभाग का अमला भी वसूली में जुटा (05पीआर44जीडब्ल्यू) जबलपुर, (ईएमएस)। नगर निगम की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने राजस्व वसूली अभियान को व्यापक बनाते हुए बड़ी पहल की है। उन्होंने अब राजस्व अमले के साथ-साथ जल विभाग के टाइम कीपरों और उपयंत्रियों को भी वसूली कार्य में लगा दिया है। निगमायुक्त का यह कदम बकाया करों और शुल्कों की वसूली में तेजी लाने के लिए उठाया गया है। वसूली अभियान में प्रमुख रूप से सम्पत्तिकर के अलावा जलशुल्क, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन शुल्क, विभिन्न प्रकार के लायसेंस शुल्क और निगम की दुकानों के किराए की वसूली पर विशेष जोर दिया जा रहा है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने राजस्व वृद्धि के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राजस्व, जल और बाजार विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने तीनों विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर वसूली अभियान को प्रभावी ढंग से गति प्रदान करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे राजस्व शिविरों और आगामी नेशनल लोक अदालत की जानकारियों से करदाताओं को हर हाल में अवगत कराएं। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक करदाता इन शिविरों और लोक अदालत का लाभ उठाकर अपनी बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करें तथा निगम की अप्रिय कार्यवाही से बचें। घर बैठे कर सकते हैं भुगतान...... निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए यह भी बताया कि करदाता अब घर बैठे भी ई-नगर पालिका पोर्ट के माध्यम से अपनी समस्त बकाया करों की राशि आसानी से जमा कर सकते हैं, जिससे उन्हें निगम कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। बैठक में अपर आयुक्त अरविंद शाह, व्ही.एन. बाजपेयी, देवेन्द्र सिंह चौहान, अंजू सिंह ठाकुर, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, राजस्व अधीक्षक इन्द्र कुमार वर्मा, बाजार अधीक्षक राजेन्द्र दुबे के साथ सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि वित्तीय वर्ष के अंत तक शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जा सके। सुनील साहू / मोनिका / 05 दिसंबर 2025/ 06.19