-नहीं सुधरे हालात, 400 फ्लाइट कैंसिल, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर रोते नजर आए यात्री नई दिल्ली,(ईएमएस)। इंडिगो एयरलाइन में चल रहे संकट को लेकर अब केंद्र सरकार ने चार दिन बाद शनिवार को सख्ती दिखाई। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने इंडिगो एयरलाइन को निर्देश दिया है कि वह रविवार रात 8 बजे तक सभी पेंडिंग पैसेंजर को रिफंड वापस करे। पैसेंजर के लगेज भी 48 घंटे में लौटाए। इसके अलावा सरकार ने दूसरी एयरलाइन से कहा कि वह तय हवाई किराए से ज्यादा ना लें। अगर निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो तुरंत एक्शन लिया जाएगा। शनिवार को भी कई देश के कई एयरपोर्ट्स से लोगों ने टिकट रिफंड और सामान ना मिलने की शिकायतें की थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स को चार दिन से लगेज ना मिलने से स्टाफ से झगड़ा होते देखा गया। उधर इंडिगो के ऑपरेशन में लगातार 5वें दिन शनिवार को सुधार नहीं दिखा। रिपोर्ट के मुताबिक देश के चार बड़े एयरपोर्ट दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु समेत कई शहरों से इंडिगो की 400 से ज्यादा फ्लाइट रद्द की जा चुकी हैं। पिछले 4 दिन में 2,000 से ज्यादा फ्लाइट रद्द हो चुकी हैं। रोजाना एवरेज 500 फ्लाइट लेट हो रही हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयलाइंस खासकर इंडिगो को 10 फरवरी 2026 तक अस्थायी राहत दी है। वीकली रेस्ट के बदले कोई भी छुट्टी नहीं देने के फैसले को वापस ले लिया। डीजीसीए ने 1 नवंबर से पायलटों और बाकी क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए थे। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नाम दिया गया है। इन्हें दो चरणों में लागू किया गया था। पहला चरण 1 जुलाई को लागू हुआ। वहीं, 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ है। नए नियमों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पायलटों और क्रू को पर्याप्त आराम देने पर जोर दिया गया है। इस कारण इंडिगो के पास पायलट-क्रू मेंबर्स की कमी हो गई। जानकारी के मुताबिक क्रू मेंबर की कमी का सामना कर रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट्स कैंसिल होने से लगातार पांचवें दिन लोग परेशान हैं। एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी है। कई जगह पैसेंजर्स ने हंगामा किया। एयरपोर्ट पर सूटकेस के ढेर पड़े हैं। 3 से 4 दिनों से लोगों को सामान नहीं मिला है। फ्लाइट का इंतजार कर रहे लोगों ने जमीन पर रात गुजारी। फ्लाइट कैंसिल होने के चलते बेंगलुरु एयरपोर्ट पर यात्री रोते नजर आए। वहीं यात्री प्लेन के खड़े करने की जगह यानी एप्रन तक पहुंच गए और यहीं जमीन पर रात बिताते नजर आए। एक यात्री के साथ आई बिल्ली भी फ्लाइट के इंतजार में परेशान होती रही। सिराज/ईएमएस 06दिसंबर25