:: बालिका अंडर-17 टीम को देंगी प्रशिक्षण; सौम्या नाहर की सफलता में भी योगदान :: इंदौर (ईएमएस)। डी.एम.कोएड स्कूल, भोपाल की खेल शिक्षिका आरती यादव को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें आगामी 20 से 24 दिसंबर तक अयोध्या में आयोजित होने जा रहे स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में बालिका 17 वर्ष आयु समूह की मध्य प्रदेश टीम का प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति आरती यादव की खेल प्रशिक्षण के क्षेत्र में विशेषज्ञता को दर्शाती है, क्योंकि वह पूर्व में भी मध्य प्रदेश टीम की प्रशिक्षक रह चुकी हैं। इस अवसर पर यह भी उल्लेखनीय है कि भोपाल की एकमात्र खिलाड़ी, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट (ईदगाह हिल्स) की सौम्या नाहर ने लगातार दूसरे वर्ष एसजीएफआई नेशनल के लिए क्वालीफाई किया है। सौम्या के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन में प्रशिक्षक आरती यादव का योगदान भी सराहनीय माना जाता है। आरती यादव की इस नियुक्ति पर डी.एम.कोएड स्कूल परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के डायरेक्टर रमनदीप सिंह, प्राचार्या चरणजीत कौर, सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई दी है। इसके अतिरिक्त, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट (ईदगाह हिल्स) के खेल शिक्षक और मुख्य खो-खो प्रशिक्षक विष्णु कान्त सहाय ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। प्रकाश/08 दिसम्बर 2025