राज्य
09-Dec-2025
...


गरियाबंद(ईएमएस)। उदंती–सीता नदी अभयारण्य की एंटी पोचिंग टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन की तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। टीम ने ओडिशा के दो तस्करों को जिंदा पैंगोलिन के साथ गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पैंगोलिन शेड्यूल-1 श्रेणी का संरक्षित जीव है। इसकी तस्करी की जानकारी वाइल्डलाइफ जस्टिस कमीशन को मिली थी, जिसके बाद उसके इनपुट पर छत्तीसगढ़–ओडिशा सीमा क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। मौके से आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम ने आरोपियों के पास से करीब 9 किलो वजन और लगभग 40 इंच लंबा एक जिंदा पैंगोलिन बरामद किया। बरामद पैंगोलिन का वन विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। फिलहाल उसे सुरक्षित रखने के लिए जंगल सफारी (रेस्क्यू एवं पुनर्वास केंद्र) को सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल (42 वर्ष), निवासी ग्राम सिमलीगोड़रा, और मनोज (30 वर्ष), निवासी ग्राम मलकीगुड़ा, दोनों जिला ओडिशा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 दिसम्बर 2025