भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में देहात क्षेत्र की बिलखिरिया थाना पुलिस ने वृद्ध की हत्या की गुत्थी 6 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही भतीजे ने की थी। दोनों के बीच शराब पीने के दौरान पेग बनाने को लेकर विवाद हो गया था। थाना पुलिस के अनुसार अमझरा मंडी के पीछे खेत में 8 दिसंबर की सुबह एक शव मिला था। इसकी सूचना पूर्व सरपंच ने पुलिस को देते हुए बताया था कि, अमझरा मंडी के पीछे बने एक टपरे में रहने वाले लीला गिरी (55) निवासी ग्राम बसिया, मृत अवस्था में पड़े हैं, और आसपास खून फैला हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के भतीजे आनंद गिरी की रिपोर्ट पर मर्ग कायम किया गया। जांच में सामने आया कि 7 दिसंबर की शाम भोजन बनाते समय शराब का पेग तैयार करने को लेकर मृतक और उसके भतीजे आनंद गिरी के बीच झगड़ा हो गया। विवाद के बीच गुस्साए आरोपी भतीजे ने सब्जी काटने वाली चाकू से चाचा पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आनंद वहां से निकलकर रात में घर जाकर सो गया। अगली सुबह मृतक चाचा को देखने जाने का नाटक करते हुए वापस मोके पर पहुंचा, और झूठ फैलाने लगा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने चाचा की हत्या की है। घटनास्थल पर एफएसएल मोबाइल और क्राइम-5 टीम ने वैज्ञानिक तरीके से छानबीन की। शुरुआती पड़ताल के दौरान ही आरोपी भतीजे के विरोधाभासी बयान और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने भतीजे आनंद गिरी (26) से कड़ाई से पूछताछ की। उसने बताया कि शराब पीने और खाना बनाने के दौरान पेग बनाने को लेकर हुए विवाद में उसने चाचा पर धारदार हथियार से हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया गया है। जुनेद / 10 दिसंबर