राष्ट्रीय
11-Dec-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल में घमासान मचा हुआ है। हार की जिम्मेदारी कोई लेने को तैयार नहीं है और एक दूसरे पर ठीकरा फोड़ने के लिए सिर फुटव्वल जारी है। नतीजा ये है कि राजद के कई नेता घर बैठ गए हैं तो कुछ ने पार्टी को ही बाय-बाय कह दिया है। कभी लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पटकनी देने वाले राजद के दिग्गज नेता एवं पूर्व मंत्री विजय कृष्ण ने राजद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो लाल प्रसाद यादव को एक भावुक पत्र भी लिखा है। अपने त्यागपत्र में विजय कृष्ण ने स्पष्ट किया कि वे अब दलगत राजनीति और सक्रिय सार्वजनिक जीवन से संन्यास ले रहे हैं। उन्होंने लिखा कि लंबे विचार-विमर्श के बाद उन्होंने राजनीतिक जीवन से पूरी तरह अलग होने का फैसला किया है और पार्टी से निवेदन किया कि उनका त्यागपत्र स्वीकार किया जाए। विजय कृष्ण की राजनीतिक पहचान 2004 के लोकसभा चुनाव में तब मजबूत हुई जब उन्होंने बाढ़ सीट से तत्कालीन रेलमंत्री नीतीश कुमार को 37 हजार से अधिक वोटों से मात दी थी। इससे पहले वे 1996, 1998 और 1999 में नीतीश कुमार से चुनाव हार चुके थे। 2004 में जीत के बाद वे बिहार सरकार में मंत्री भी बने। अपने राजनीतिक करियर में विजय कृष्ण ने कई बार दल बदले। 2009 में उन्होंने राजद छोड़कर जदयू का दामन थामा। 2010 में वे फिर से राजद में लौट आए। विधानसभा चुनाव में हार के बाद राजद पहले से ही आंतरिक चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में विजय कृष्ण जैसे वरिष्ठ नेता का पार्टी छोड़ना राजद के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/11दिसंबर2025