पलक्कड़,(ईएमएस)। केरल के सात जिलों में स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान गुरुवार सुबह शुरू हो गया। त्रिशूर, पलक्कड़, कोझिकोड, मलप्पुरम, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के 18,274 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से लोग वोट डालने पहुंचे। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। स्थानीय निकाय चुनाव को कई चुनाव विश्लेषक अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले अहम संकेत के रूप में देख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक दूसरे चरण में 1.53 करोड़ से ज्यादा मतदाता ग्राम पंचायतों, ब्लॉक पंचायतों, जिला पंचायतों, नगरपालिकाओं और नगर निगमों समेत 604 स्थानीय निकायों के 12,931 वार्ड में प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इस चुनाव में कुल 38,994 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य के तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में पहले चरण का मतदान 9 दिसंबर को करीब 70 फीसदी से ज्यादा मतदान के साथ संपन्न हुआ था। दोनों चरणों के मतदान के परिणाम 13 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। सिराज/ईएमएस 11दिसंबर25