राज्य
10-May-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के मावन क्षेत्र में स्थापित होने जा रही अडाणी ग्रुप की अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के शिलान्यास के साथ रविवार को गुना में औद्योगिक विकास के नए युग की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अडाणी ग्रुप के प्रणव अडाणी सहित प्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं विभिन्न जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित भव्य कार्यक्रम ने जिले की राजनीति, उद्योग और विकास को एक मंच पर ला दिया। मुख्यमंत्री ने 1059 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री का शिलान्यास किया, वहीं करीब 130 करोड़ रुपये की लागत के 144 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया। इस प्रकार जिले को कुल 1189 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। हवाई पट्टी से लेकर कार्यक्रम स्थल दशहरा मैदान तक रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने कन्या पूजन किया तथा जिला प्रशासन द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में गुना के प्रसिद्ध गुलाब, धनिया, अमरूद एवं अन्य कृषि उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। मंच से संबोधित करते हुए गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने स्थानीय युवाओं के रोजगार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि गुना में स्थापित होने वाले उद्योगों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए और रोजगार के मामले में जिले की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने मंच पर मौजूद प्रणव अडाणी का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि वे अडाणी ग्रुप के मालिक हैं या चेयरमैन, लेकिन गुना के विकास के लिए उनका यहां आना महत्वपूर्ण है। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने गुना को औद्योगिक संभावनाओं वाला जिला बताते हुए कहा कि आने वाले समय में गुनिया-कूनो नदी और भुजरिया तालाब का भी व्यापक विकास होगा। अडाणी ग्रुप के प्रणव अडाणी ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश अब केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर विकास करने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से गुना में निवेश को लेकर चर्चा चल रही थी और अब वह सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल कारोबार करना नहीं, बल्कि समाज और देश के विकास में भागीदारी निभाना है। मावन में बनने वाली यह सीमेंट फैक्ट्री गुना के युवाओं के भविष्य में निवेश है, जिससे उन्हें सम्मानजनक रोजगार और बेहतर जीवन मिलेगा। उन्होंने बताया कि 32 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाली इस परियोजना की उत्पादन क्षमता 2×2 मिलियन टन प्रतिवर्ष होगी। फैक्ट्री से लगभग 500 लोगों को प्रत्यक्ष और 1000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, वहीं शासन को हर वर्ष करीब 160 करोड़ रुपये के जीएसटी राजस्व की प्राप्ति होगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने संबोधन की शुरुआत बंगाल और असम में भाजपा की जीत पर वहां की जनता का आभार व्यक्त करते हुए की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सिंधिया ने अपने पिता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1984 में उन्होंने गुना में एनएफएल और गैल जैसी बड़ी परियोजनाओं के माध्यम से औद्योगिकीकरण की नींव रखी थी। अब उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गुना में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से उनकी गौतम अडाणी से गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। उन्होंने अडाणी समूह से कहा था कि देश का दिल कहे जाने वाले इस क्षेत्र में निवेश करें। कई वर्षों के मंथन के बाद अब सीमेंट फैक्ट्री के रूप में अमृत निकला है, जो क्षेत्र के विकास और रोजगार का आधार बनेगा। सिंधिया ने मुख्यमंत्री के समक्ष जिले की विभिन्न महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। उन्होंने 12 किलोमीटर लंबी गुनिया नदी के संपूर्ण जीर्णोद्धार की मांग की, ताकि बारिश के समय शहर को बाढ़ की समस्या से राहत मिल सके। इसके अलावा पार्वती नदी पर लक्ष्मण कोटरा मार्ग के लिए पुल निर्माण, भुजरिया तालाब के जीर्णोद्धार, बमोरी में सब डिवीजन तथा म्याना में नवीन तहसील प्रारंभ करने की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को सहर्ष स्वीकार करते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि गुना गुणवान लोगों का शहर है और यहां की जनता ने जिस आत्मीयता से स्वागत किया, उससे ऐसा लगा मानो होली और दीपावली एक साथ मनाई जा रही हो। उन्होंने कहा कि कभी यह क्षेत्र गोलियों की आवाज के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां विकास की गंगा बह रही है। गुना का गुलाब और धनिया पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के आने से गुना में औद्योगिक क्रांति की शुरुआत होगी और आने वाले वर्षों में यहां विकास का नया दौर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को देश की दूध राजधानी बनाने की दिशा में भी सरकार तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि गुना जिले के विकास से जुड़ी सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद रहे। पूरे आयोजन में विकास, रोजगार और औद्योगिक निवेश को लेकर उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया। । सीताराम नाटानी