क्षेत्रीय
12-Dec-2025
...


जशपुर(ईएमएस)। शेप-शॉप नामक प्राइवेट कंपनी में डायमंड रैंक पर काम करने वाले आरोपी नागेंद्र उरांव को जशपुर पुलिस ने झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कंपनी के प्रोडक्ट बेचने के बहाने एक 35 वर्षीय महिला से जान-पहचान बढ़ाई, खुद को कुंवारा बताकर शादी का झांसा दिया और कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता जब दो बार गर्भवती हुई तो आरोपी ने जबरन गर्भपात भी कराया। बाद में महिला को पता चला कि नागेंद्र पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। घटना थाना सन्ना क्षेत्र की है। पीड़िता जशपुर के एक बालक आश्रम में स्वीपर के तौर पर काम करती है। उसकी बड़ी बहन शेप-शॉप कंपनी से जुड़ी थी और प्रोडक्ट बेचकर कमीशन कमाती थी। 2023 में बहन ने पीड़िता को भी कंपनी से जोड़ने की कोशिश की। इसी सिलसिले में डायमंड रैंक पर काम करने वाले आरोपी नागेंद्र उरांव से उसकी बात कराई गई। इसके बाद नागेंद्र प्रोडक्ट बेचने के नाम पर बार-बार पीड़िता के घर आने-जाने लगा। सितंबर 2023 में वह रात को भी रुका और शादी का वादा कर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार मिलता रहा और शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने शादी की बात की तो नागेंद्र ने इनकार कर झारखंड भाग गया। 17 अक्टूबर 2025 को पीड़िता ने थाना सन्ना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और रांची से उसे धर दबोचा। पुलिस ने नागेंद्र उरांव के खिलाफ भादवि की धारा 376 (दुष्कर्म) एवं बीएनएसएस की धारा 69 (झूठे वादे से दुष्कर्म) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को जशपुर लाया जा रहा है और जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 दिसम्बर 2025