गिरिडीह(ईएमएस)। 20 वर्षों नक्सली संगठन में सक्रिय एक हार्डकोर नक्सली मोती लाल किस्कू को पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार देर शाम गिरिडीह अर्धसैनिक बल के साथ बिहार की चकाई पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरिडीह जिले के देवरी से गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। मोतीलाल बिहार के जमुई जिले के चकाई में चिहरा थाना इलाके स्थित हरनी गांव का रहने वाला है। वह पिछले 20 सालों से नक्सली संगठन में सक्रिय था। वह चकाई के जीव लाल पासवान हत्याकांड में भी शामिल था। उसके खिलाफ जमुई और गिरिडीह के कई थानों में नक्सली घटना को अंजाम देने के खिलाफ केस दर्ज हैं। इतना ही नहीं मोतीलाल किस्कू पुलिस मेठभेड़ में मारे गए जोनल कमेटी के सदस्य और इनामी नक्सली चिराग दा के दस्ते में भी शामिल था। इस दस्ते में वह AK47 लेकर चलता था. गिरिडीह में 16 वर्ष पूर्व हुए कैदी वाहन ब्रेककांड में भी गिरफ्तार हार्डकोर नक्सली मोती लाल किस्कू का नाम सामने आ रहा है लेकिन अबतक इसकी आधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है। गिरफ्तारी के बाद मोतीलाल किस्कू ने बताया है कि वह खुद भी पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने की तैयारी में था। लेकिन उसके पूर्व ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोतीलाल किस्कू को गिरिडीह और जमुई के सीमावर्ती इलाके के पोझा बरमोरिया में नक्सलियो द्वारा छिपाए गए हथियार का भी पुख्ता जानकारी होने की भी बात है। उसकी गिरफ्तारी के बाद भी देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। राजेश कुमार /ईएमएस/ 12 दिसम्बर 2025