नई दिल्ली (ईएमएस)। देश के अधिकांश राज्यों ने 2025-26 शैक्षणिक वर्ष के लिए विंटर वेकेशन की तारीखें जारी कर दी हैं। इस बार मौसम विभाग की तेज़ चेतावनियों, राज्यों की जलवायु परिस्थितियों और शिक्षा विभागों की सलाह को ध्यान में रखते हुए छुट्टियों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। कहीं बच्चों को केवल 10 दिन का अवकाश मिलेगा, तो कहीं डेढ़ माह तक स्कूलों में ताला लटका रहेगा। कई राज्यों में ठंड, कोहरे और बर्फबारी के बढ़ते असर को देखते हुए छुट्टी बढ़ने की भी पूरी संभावना है। दिल्ली में शिक्षा निदेशालय के मुताबिक 1–15 जनवरी 2026 तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश रहेगा। बढ़ती ठंड को देखते हुए इस दौरान शिक्षकों को भी किसी ऑफलाइन गतिविधि से छूट दी गई है। हरियाणा में भी 1–15 जनवरी 2026 तक विंटर वेकेशन रहेगा। राज्य के शिक्षा विभाग ने बताया कि मौसम की स्थिति खराब होने पर छुट्टियाँ बढ़ाई जा सकती हैं। वहीं पीएम श्री स्कूलों और केंद्रीय विद्यालयों में 23 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक 10 दिन की क्रिसमस/विंटर छुट्टी लागू रहेगी। उत्तर प्रदेश में 20–31 दिसंबर तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। जनवरी 2026 से नया सेशन शुरू होगा। मध्य प्रदेश के सरकारी, निजी और केंद्रीय बोर्ड से जुड़े कई स्कूल 23 या 24 दिसंबर से छुट्टी पर चले जाएंगे। अधिकांश जगह 31 दिसंबर तक ब्रेक रहेगा, जबकि कुछ स्कूल इसे जनवरी के पहले सप्ताह तक बढ़ाते हैं। हिमाचल में 24 और 25 दिसंबर को छुट्टी रहेगी। ठंड के हिसाब से 23–24 दिसंबर से ही विंटर ब्रेक के शुरू होने की संभावना है। ऊंचे और अत्यधिक ठंडे इलाकों में यह अवकाश और लंबा भी हो सकता है। पंजाब में 22 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक स्कूल बंद रहेंगे। 11 जनवरी को स्कूल दोबारा खुलेंगे। लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे के कारण लंबा ब्रेक दिया गया है। ओडिशा में 23–31 दिसंबर तक विंटर/क्रिसमस वेकेशन है। राज्य के सभी प्राथमिक, माध्यमिक स्कूलों और केंद्रीय विधायलों में 23 से 31 दिसंबर तक छुट्टियाँ रहेंगी। 1 जनवरी 2026 को शिक्षण कार्य फिर शुरू होगा। केरल व तमिलनाडु में भारी बारिश के चलते 12, 13 और 14 दिसंबर को स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है। हालात बिगड़ने पर छुट्टियाँ आगे बढ़ सकती हैं। जम्मू-कश्मीर के विंटर ज़ोन में 8–14 दिसंबर से ही स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बिहार ने अभी विंटर वेकेशन की तारीखें जारी नहीं की हैं। माना जा रहा है कि कक्षा 1–5 के लिए जल्द ही अवकाश घोषित होगा। ठंड को देखते हुए यहां भी लंबे ब्रेक की संभावना है। सुबोध/ १२-१२-२०२५