राष्ट्रीय
10-Mar-2026


गुरुग्राम (ईएमएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को खालिस्तानी संगठन के नाम से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। मंगलवार सुबह गुरुग्राम के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को भेजे गए ईमेल में मुख्यमंत्री सैनी को निशाना बनाने के साथ-साथ शहर के स्कूलों और ट्रेनों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस ईमेल के सामने आने के बाद पुलिस, खुफिया विभाग और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। ईमेल में मुख्यमंत्री सैनी का नाम लेकर उन्हें सीधी चेतावनी दी गई है। संदेश में लिखा गया है कि उनके पास “एक मौका है। यदि उन्होंने हरियाणा विधानसभा में खालिस्तान रेफरेंडम का समर्थन नहीं किया या पंजाब के साथ जुड़ने का विरोध किया, तब उनकी “जिंदगी खत्म” कर दी जाएगी। ईमेल में देश के शीर्ष नेताओं के खिलाफ भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर शामिल हैं। धमकी भरे ईमेल में केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों और बच्चों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। संदेश के अनुसार, मंगलवार सुबह 7:13 बजे भेजे गए ईमेल में दावा किया गया कि दोपहर 1:11 बजे गुरुग्राम के स्कूलों में और 3:11 बजे ट्रेनों में सिलसिलेवार बम धमाके किए जाएंगे। यह ईमेल विशेष रूप से डीएवी स्कूल सेक्टर-14, सेक्टर-49 और डीएवी पीपीएसजी को भेजा गया था। पत्र के ऊपर ‘हरियाणा है खालिस्तान’ और ‘अपने बच्चे बचाओ’ जैसे भड़काऊ नारे भी लिखे गए थे। धमकी की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। बम निरोधक दस्ते और पुलिस टीमों ने संबंधित स्कूलों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है तथा रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ईमेल में भेजने वाले के रूप में ‘इंजीनियर गुरनाख सिंह’ और ‘डॉ. गुरनिरवैर सिंह’ के नाम दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। आशीष दुबे / 10 मार्च 2026