राष्ट्रीय
10-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली के साउथ ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में ‘रक्षा बल विजन 2047: भविष्य के लिए तैयार भारतीय सेना का रोडमैप’ जारी किया। यह दस्तावेज भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के अनुरूप सशस्त्र बलों को आधुनिक, एकीकृत और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की योजना प्रस्तुत करता है। इसका व्यापक खाका मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ द्वारा तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य बदलते भू-रणनीतिक और तकनीकी माहौल में भारतीय रक्षा बलों को अधिक सक्षम बनाना है। विजन दस्तावेज में रक्षा बलों के भीतर रणनीतिक सुधार, क्षमता वृद्धि और संगठनात्मक बदलाव की रूपरेखा दी गई है। इसका लक्ष्य एक ऐसी सेना तैयार करना है जो तेजी से बदलती वैश्विक और क्षेत्रीय परिस्थितियों में दुश्मनों को प्रभावी ढंग से रोक सके, किसी भी संघर्ष की स्थिति में बहुआयामी प्रतिक्रिया दे सके और भारत के विस्तारित रणनीतिक हितों की रक्षा कर सके। इस योजना का एक महत्वपूर्ण स्तंभ तीनों सेनाओं—थल सेना, नौसेना और वायु सेना—के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त संचालन को बढ़ावा देना है। इससे योजना निर्माण, संचालन और क्षमता विकास में अधिक प्रभावशीलता आएगी। दस्तावेज़ में भविष्य के युद्धों को ध्यान में रखते हुए नवाचार, उन्नत तकनीकों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर क्षमता और आधुनिक प्रशिक्षण ढांचे पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी प्रमुख प्राथमिकता दी गई है। स्वदेशी तकनीकों और रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देकर घरेलू रक्षा विनिर्माण को मजबूत करने की योजना है, जिससे न केवल सैन्य क्षमता बढ़ेगी बल्कि राष्ट्रीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। आशीष दुबे / 10 मार्च 2026