राष्ट्रीय
14-Dec-2025
...


500 की भीड़ ने पत्थर, तीर और गुलेल से किया वार अहमदाबाद,(ईएमएस)। गुजरात के बनासकांठा जिले में शनिवार को कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति देखने को मिली। अंबाजी तीर्थ शहर से करीब 14 किलोमीटर दूर दांता तालुका के पाडलिया गांव में वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों की उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। इस हिंसक घटना में कुल 47 अधिकारी घायल हो गए, जिनमें अंबाजी के पुलिस इंस्पेक्टर की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2.30 बजे सरकारी टीम वन विभाग के सर्वे नंबर-9 क्षेत्र में नर्सरी विकसित करने और पौधारोपण के लिए पहुंची थी। इसी दौरान करीब 500 लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और अचानक हमला कर दिया। भीड़ ने पुलिस और वन कर्मियों पर पत्थरबाजी की, गुलेल चलाई और तीरों से भी निशाना साधा। हालात इतने बिगड़ गए कि उपद्रवियों ने सरकारी वाहनों में आग लगा दी और कई गाड़ियों के टायर काट दिए। पुलिस ने चलाई गोली और छोड़े आंसू गैस के गोले हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्त कार्वाई की और स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस 50 से अधिक राउंड फायरिंग की और लगभग 20 आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई इस कार्रवाई के साथ ही कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर नियंत्रण पाया जा सका। अंबाजी पुलिस इंस्पेक्टर की हालत नाजुक इस हिंसक झड़प में पुलिस, वन और राजस्व विभाग के कुल 47 अधिकारी घायल हुए हैं। इनमें से 36 अधिकारियों को अंबाजी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 11 घायलों को गंभीर हालत में पालनपुर सिविल अस्पताल रेफर किया गया। अंबाजी पुलिस इंस्पेक्टर आर.बी. गोहिल की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पालनपुर भेजा गया है। भूमि विवाद प्रमुख कारण प्रशासन का कहना है कि इस हमले के पीछे भूमि विवाद प्रमुख कारण है। पाडलिया गांव में वन विभाग के सर्वे नंबर-9 को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि इस भूमि पर सरकारी कार्रवाई के चलते उन्हें बेदखल किया जा सकता है। इसी आशंका के चलते भीड़ ने टीम पर हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही बनासकांठा के उप वन संरक्षक (डीसीएफ) अंबाजी सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। वहीं, कलेक्टर मिहिर पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकारी कार्य के दौरान अचानक यह हिंसा हुई। फिलहाल पाडलिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है। हिदायत/ईएमएस 14दिसंबर25