लखनऊ,(ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री और महाराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी को रविवार को उत्तर प्रदेश का नया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। केंद्रीय चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में लखनऊ स्थित पार्टी दफ्तर में औपचारिक घोषणा की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन के साथ हुई, जिसके बाद पंकज चौधरी को पदभार ग्रहण कराया गया। निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने उन्हें पार्टी का झंडा सौंपा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित यूपी बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच पर पहुंचने के बाद पंकज चौधरी को वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी। कुर्मी समाज से आने वाले पंकज चौधरी की नियुक्ति को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने की बीजेपी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि शनिवार को पंकज चौधरी ने यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था, जिसे निर्विरोध मंजूरी मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री उनके प्रस्तावक बने। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी पर पार्टी संगठन को मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए सफलता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी होगी। साथ ही, राज्य से राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों का निर्वाचन भी पूरा हुआ। राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, भूपेंद्र चौधरी, स्मृति ईरानी, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह और रमापति राम त्रिपाठी को यूपी से बीजेपी राष्ट्रीय परिषद का सदस्य चुना गया। पंकज चौधरी का राजनीतिक सफर पंकज चौधरी यूपी बीजेपी के चौथे कुर्मी समुदाय के अध्यक्ष हैं। उनका राजनीतिक करियर 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में शुरू हुआ। उसी वर्ष वे डिप्टी मेयर बने। 1991 में महराजगंज लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर वे देश की संसद में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 और 2024 में लगातार जीत दर्ज की। उनके नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है, और संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधने की उम्मीद जताई जा रही है। हिदायत/ईएमएस 14दिसंबर25