अंतर्राष्ट्रीय
14-Dec-2025


नटाल (ईएमएस) । दक्षिण अफ्रीका के क्वाजुलु-नटाल प्रांत में एक निर्माणाधीन चार मंजिला हिंदू मंदिर ढह गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय मूल का व्यक्ति भी शामिल है। यह मंदिर शहर के उत्तर में एक पहाड़ी पर बना है। हादसे के वक्त साइट पर निर्माण मजदूरों के साथ मंदिर से जुड़े लोग भी मौजूद थे। शुरुआत में प्रशासन ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की थी, लेकिन मलबे से दो और शव निकाले जाने के बाद मृतकों की संख्या चार हो गई। मृतकों में 52 वर्षीय विकी जयराज पांडे भी शामिल हैं। वे मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी सदस्य थे और निर्माण परियोजना के प्रबंधक के रूप में काम कर रहे थे। पिछले करीब दो साल से वे मंदिर के विकास कार्यों से जुड़े हुए थे। उनकी मौत की पुष्टि मंदिर से जुड़ी चैरिटी संस्था ‘फूड फॉर लव’ के निदेशक संवीर महाराज ने की। मंदिर को गुफा जैसे डिजाइन में विकसित किया जा रहा था। इसमें भारत से लाए गए पत्थरों और साइट पर खुदाई से निकली चट्टानों का इस्तेमाल हो रहा था। यहां भगवान नृसिंहदेव की दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति स्थापित करने की योजना थी। विनोद उपाध्याय/14 दिसंबर2025