-आईएस को पहुंचाता था गोपनीय जानकारी, सीरियाई सेना मार गिराया दमस्क,(ईएमएस)। सीरिया की नई सरकार और अमेरिका के बीच साझेदारी बढ़ रही है। इस बीच अमेरिकी नागरिकों और सैनिकों पर हुए घातक हमले ने सुरक्षा साझेदारी को हिलाकर रख दिया। सीरियाई अधिकारियों ने खुलासा किया है कि रेगिस्तानी इलाके में हमला करने वाला शख्स दो महीने पहले ही सीरिया की आंतरिक सुरक्षा बल में भर्ती हुआ था और हाल ही में उस पर इस्लामिक स्टेट से जुड़े होने का शक भी सामने आया था। शनिवार को पालमायरा के पास सीरियाई रेगिस्तान में हुए इस हमले में दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए। इसके अलावा हमलावर से मुठभेड़ में सीरिया के तीन सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं। सीरिया के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि हमलावर को मौके पर ही मार गिराया। हमलावर उन लोगों में शामिल था, जिन्हें हाल ही में रेगिस्तानी क्षेत्र ‘बदिया’ में गठित आंतरिक सुरक्षा बलों की एक नई यूनिट में भर्ती किया गया था। यह वही इलाका है जहां इस्लामिक स्टेट के बचे आतंकी गुट अब भी सक्रिय हैं। सीरियाई अधिकारियों ने माना कि पिछले साल बशर अल-असद सरकार के पतन के बाद सुरक्षा बलों की भारी कमी हो गई थी। एक विद्रोही अभियान, जो मूल रूप से अलेप्पो तक सीमित रहने वाला था, अचानक पूरे देश में सत्ता परिवर्तन का कारण बन गया। उन्होंने कहा कि हम खुद हैरान थे कि 11 दिनों में पूरा सीरिया हमारे हाथ में आ गया। इससे प्रशासन और सुरक्षा के मोर्चे पर भारी जिम्मेदारी आ गई। क्या हमलावर पर शक पहले से था? सीरियाई गृह मंत्रालय के मुताबिक हाल के दिनों में सुरक्षा बलों को शक हुआ था कि बदिया क्षेत्र में कोई व्यक्ति आईएस को गोपनीय जानकारी पहुंचा रहा है। इस शक के आधार पर सभी कर्मियों की जांच की गई। इसी दौरान पिछले हफ्ते उस व्यक्ति पर शक गहराया, जिसने बाद में हमला किया। उसे नेतृत्व और अमेरिकी गठबंधन गश्तों से दूर एक बेस में उपकरणों की निगरानी का काम सौंपा था, लेकिन शनिवार को उसी व्यक्ति ने अमेरिकी और सीरियाई सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त बैठक में जब वे भोजन कर रहे थे, अचानक हमला कर दिया। सीरियाई गार्ड्स से झड़प के बाद उसने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद उसे मार गिराया गया। सिराज/ईएमएस 15दिसंबर25