खेल
16-Dec-2025


केकेआर ने खरीदा, लीग के इतिहास के सबसे महंगे विदेशी; स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा अबु धाबी(ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें मंगलवार को अबु धाबी में चल रहे मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपए में खरीदा। ग्रीन ने अपने ही देश के मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्हें 2024 में केकेआर ने ही 24.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। पहले सेट में 6 प्लेयर्स ऑक्शन पूल पर लाए गए। इसमें से 2 ही बिके। डेविड मिलर को दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा। जेक फ्रेजर-मैकगर्क, डेवोन कॉन्वे, सरफराज खान और पृथ्वी शॉ अनसोल्ड रहे हैं। उन पर किसी ने बोली नहीं लगाई। ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर ऋषभ पंत हैं। उन्हें पिछले साल मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपए में खरीदा था। 10 टीमें 77 खिलाडिय़ों को खरीदने के लिए बोली लगा रही है। नीलामी में 350 प्लेयर्स के नाम ऑक्शन पूल पर लाए जाएंगे। किस टीम का पर्स सबसे बड़ा है? सबसे कम प्लेयर्स को रिटेन करने वाली केकेआर का पर्स ही सबसे बड़ा है, टीम 64.30 करोड़ रुपए लेकर नीलामी में आएगी। उनके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पर्स में 43.40 करोड़ रुपए है। मुंबई इंडियंस के पर्स में सबसे कम 2.75 करोड़ रुपए है। आरसीबी, आरआर, पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के पर्स में 11 से 17 करोड़ रुपए है। वहीं दिल्ली, लखनऊ और सनराईजर्स हैदराबाद के पर्स में 21 से 26 करोड़ रुपए है। विनोद उपाध्याय / 16 दिसम्बर, 2025