राज्य
17-Dec-2025
...


:: साईं भक्ति और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित था जीवन; माँ आनंदमयी आश्रम में आज होगी श्रद्धांजलि सभा :: इंदौर (ईएमएस)। केन्द्रीय सांई सेवा समिति के संस्थापक, ब्रह्मलीन अभिभाषक सुरेन्द्र पाठक की सुपुत्री एवं प्रखर समाजसेवी अभिभाषक सुश्री विनिता पाठक का मंगलवार को अल्पायु में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन के समाचार से शहर के विधिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों में शोक की लहर व्याप्त हो गई। सुश्री पाठक का अंतिम संस्कार रीजनल पार्क स्थित मोक्ष धाम पर संपन्न हुआ, जहाँ समाज के विभिन्न वर्गों ने उन्हें अश्रुपूर्ण विदाई दी। सुश्री विनिता पाठक, केन्द्रीय सांई सेवा समिति के अध्यक्ष गौतम पाठक की बड़ी बहन थीं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन दीन-दुखियों और विशेषकर महिलाओं के उत्थान हेतु समर्पित कर दिया था। ब्राह्मण महिला समाज की अध्यक्ष तथा मानव अधिकार सुरक्षा परिषद की प्रदेशाध्यक्ष के रूप में उन्होंने महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में अनुकरणीय भूमिका निभाई। धार्मिक क्षेत्र में उनकी गहरी निष्ठा थी; पार्थिव शिवलिंग पूजन, गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन और निर्धनों के लिए निःशुल्क शिर्डी यात्रा जैसे पुनीत कार्यों के माध्यम से उन्होंने हजारों लोगों को धर्म और सेवा के मार्ग से जोड़ा। मोक्ष धाम पर आयोजित शोक सभा में शहर की गणमान्य विभूतियों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, एमआईसी सदस्य निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, वरिष्ठ पत्रकार अरविंद तिवारी, कीर्ति राणा और हरि अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ जनों ने उनके अवसान को शहर के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। शोक सभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि विनिता जी का निस्वार्थ सेवा भाव और मिलनसार व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। दिवंगत आत्मा की शांति हेतु श्रद्धांजलि सभा (उठावना) गुरुवार, 18 दिसम्बर को सायं 5 से 6 बजे तक, ए.बी. रोड स्थित माँ आनंदमयी आश्रम (सुयश हॉस्पिटल के सामने) पर आयोजित की गई है। प्रकाश/17 दिसम्बर 2025 संलग्न चित्र : स्व. सुश्री विनिता पाठक (अभिभाषक)