राज्य
18-Dec-2025


इन्दौर (ईएमएस) मप्र कांग्रेस की सह-प्रभारी उषा नायडू ने गांधी भवन में शहर कांग्रेस की समन्वय समिति की बैठक आयोजित की जिसमें संगठन को मजबूती देने और कांग्रेस का जनाधार बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित शहर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते उषा नायडू ने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किए बिना जनता की कसौटी पर खरा उतरना संभव नहीं है। संगठन की मजबूती केवल कांग्रेस तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी प्रकोष्ठों और मोर्चा संगठनों को भी सशक्त करना जरूरी है। सभी को एकजुट होकर सड़कों पर उतरना होगा। बैठक के दौरान मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य के प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और अपात्र सूची में शामिल न रहे। शहर प्रभारी संजीव सक्सेना ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए मतदाता सूची पर फोकस करना सबसे अहम है। बैठक में वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, पार्षद राजू भदौरिया, विनय बाकलीवाल, राजेश चौकसे, अमन बजाज, मुकेश यादव, ब्लॉक अध्यक्ष योगेन्द्र मौर्य, अमित चौरसिया और सच सलूजा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। आनन्द पुरोहित/ 18 दिसंबर 2025