नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में कड़ाके की सर्दी जारी है। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। गाजियाबाद में एक्यूआई 484 दर्ज किया गया है, वहीं आईएमडी ने कोहरे को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली और पास के सटे इलाकों में कड़ाके की सर्दी बढ़ गई है। एक तरफ जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है वहीं दूसरी तरफ घने कोहरे ने भी लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि ठंडी हवाओं की रफ्तार बढ़ने के साथ वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच चुकी है, जिससे स्वास्थ्य और यातायात दोनों पर असर पड़ रहा है। बीते 2 दिनों से दिल्ली-एनसीआर में ठंड लगातार बढ़ रही है और सुबह से शाम तक धूप नदारद है। घना कोहरा पूरे क्षेत्र में छाया हुआ है, जिससे दृश्यता कम हो गई है और ठिठुरन का एहसास बढ़ गया है। ठंडी हवाएं पहले 8 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं, लेकिन आज से इनकी गति बढ़कर करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इन तेज हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट महसूस की जा रही है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की परेशानियां बढ़ गई हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/22/दिसंबर/2025