रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में 24 दिसंबर को सर्व समाज के बंद के आव्हान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सर्व समाज के लोगों को कभी मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया जाता और अचानक बंद के पीछे कई वजहें हैं। भूपेश बघेल ने कांकेर में हुई हालिया घटनाओं के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कांग्रेस धर्मांतरण के खिलाफ है। पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पहले कोंडागांव और बस्तर में कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें लोगों की मौत भी हुई। उन्होंने कहा कि विरोध और बंद ठीक है, लेकिन सरकार को इसका समाधान करना चाहिए। धान खरीदी को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य और भारत सरकार के ऐप पर किसान परेशान हैं। हजारों किसानों का धान खरीदी नहीं हो रही और भाजपा के लोग ऑफलाइन धान बेच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एप्लिकेशन पांच मिनट में बंद हो जाता है और उनके विधानसभा क्षेत्र में एक हजार कट्टा अवैध धान भी मिला। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आरोपों पर उन्होंने कहा कि नड्डा नींद से जागे हैं और उन्हें पता होना चाहिए कि पूर्व में भाजपा कार्यालयों और मंत्रियों के बंगले में नक्सलियों द्वारा हफ़्ता वसूली होती थी। झीरम घटना पर उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक और आपराधिक षड्यंत्र था। भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में केरल निवासी व्यक्ति की हत्या मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है और भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आता है। उन्होंने राज्य में नक्सलियों और सांप्रदायिक हिंसा को लेकर सरकार की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)23 दिसम्बर 2025