अंतर्राष्ट्रीय
24-Dec-2025
...


वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों के लिए क्रिसमस के मौके पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा और चौंकाने वाला ऑफर पेश किया है। ट्रंप प्रशासन ने घोषणा की है कि जो अवैध प्रवासी स्वेच्छा से अमेरिका छोड़कर अपने देश लौटना चाहते हैं, उन्हें 3,000 डॉलर (लगभग 2.68 लाख रुपये) नकद प्रोत्साहन राशि के साथ मुफ्त हवाई टिकट दिया जाएगा। अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) के अनुसार, यह योजना सीमित समय के लिए है और इसका उद्देश्य अवैध प्रवासियों को स्वेच्छा से देश छोड़ने के लिए प्रेरित करना है। प्रशासन का कहना है कि जबरन गिरफ्तारी, हिरासत और निर्वासन की तुलना में यह तरीका सस्ता और अधिक प्रभावी साबित होगा। एक अवैध प्रवासी को पकड़ने, जेल में रखने और देश से बाहर भेजने में औसतन 17 हजार डॉलर तक का खर्च आता है, जबकि इस योजना से सरकार को करीब 70 प्रतिशत तक की बचत होगी। ऑफर मानें नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई इसी के साथ ही ट्रंप सरकार ने चेतावनी भी दे दी है कि जो लोग इस ऑफर का लाभ नहीं उठाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे प्रवासियों को गिरफ्तार कर जबरन निर्वासित किया जाएगा और भविष्य में अमेरिका में प्रवेश पर स्थायी प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि क्रिसमस के मौके पर पेश किया गया यह “सांता ऑफर” ट्रंप की सख्त इमिग्रेशन नीति का ही एक नया रूप है, जिसके जरिए वे अमेरिका में अवैध प्रवास को कम करना चाहते हैं। ज्ञानू निगम/24दिसंबर25