राज्य
24-Dec-2025
...


:: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की सफाई कर किया अभियान का श्रीगणेश :: इंदौर (ईएमएस)। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के गौरवमयी अवसर पर इंदौर नगर निगम द्वारा शहर के महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्वच्छता हेतु एक विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के पहले दिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चंदन नगर तिराहा पहुंचकर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की सफाई एवं जल से धुलाई की। इस पहल का उद्देश्य शहर के गौरव प्रतीकों को स्वच्छ और सुंदर बनाकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करना है। इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई का जीवन राष्ट्रसेवा और उच्च लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। उनकी जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में शहर के महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्वच्छता करना और उन्हें सम्मान देना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि स्वच्छता के प्रति अटल जी के दृष्टिकोण को अपनाते हुए इंदौर को और अधिक सुंदर बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। अभियान के शुभारंभ के दौरान महापौर परिषद सदस्य अभिषेक शर्मा बबलू, महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, पार्षद महेश चौधरी और शिखा संदीप दुबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रतिमा परिसर के आसपास की सफाई की और यह संकल्प लिया कि महापुरुषों के इन स्थलों पर स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखा जाएगा। निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शहर की अन्य प्रमुख प्रतिमाओं पर भी इसी प्रकार का स्वच्छता अभियान निरंतर जारी रखा जाए। प्रकाश/24 दिसम्बर 2025