अंतर्राष्ट्रीय
26-Dec-2025
...


वेटिकन,(ईएमएस)। दुनियाभर में लोगों ने 25 दिसंबर को क्रिसमस पर्व मनाया। ईसाई धर्म के अनुयायी यीशु मसीह के जन्म के मौके पर प्रार्थना के लिए चर्च पहुंचे। घरों से लेकर शहरों के मुख्य चौराहों और गलियों को सजाया गया है। येरूशलम के नजदीक मौजूद यीशु मसीह के जन्म स्थान बेथलेहम में इस बार पूरे दो साल बाद उत्सव धूमधाम से मनाया गया। चर्च ऑफ द नेटिविटी के पास स्थित मैंगर स्क्वायर में बड़ा क्रिसमस ट्री लगाया गया। इसी तरह चीन, केन्या, यूक्रेन और पाकिस्तान में भी क्रिसमस मनाया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईसाइयों के सर्वोच्च धर्मगुरु 14वें पोप लियो मई में चुने जाने के बाद पहली बार क्रिसमस सेलिब्रेशन की अध्यक्षता कर रहे हैं। पोप ने वेटिकन सिटी में 24 दिसंबर की रात सेंट पीटर बेसिलका चर्च का पवित्र दरवाजा खोलकर क्रिसकम के जश्न की शुरुआत की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और मेलानिया ट्रम्प ने फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में बच्चों के साथ नोराड सैंटा क्लॉज ट्रैकर कॉल में भाग लिया। नोराड हर साल क्रिसमस ईव पर सांता क्लॉज की यात्रा ट्रैक करता है। वहीं युद्ध के बीच यूक्रेन की 33वीं अलग मैकेनाइज्ड ब्रिगेड के सैन्य पादरी लेफ्टिनेंट मायकोला बागिरोव ने 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन फ्रंटलाइन पर सैनिकों से मुलाकात की। यूक्रेनी सैनिकों ने एक पुराने अस्तबल में प्रार्थना सभा की। इस दौरान वे अपने साथ क्रिसमस स्टार लेकर गए थे, जो ईसा मसीह के जन्म और बेथलहम के तारे का प्रतीक है। गाजा पट्टी में स्थित लैटिन मठ के चर्च में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर प्रार्थना सभा की गई। इस सभा में लोगों ने जंग से उबरने की प्रार्थना की और क्षेत्र में शांति की दुआ मांगी। इस्लामाबाद में क्रिसमस के लिए कई जगहों पर खूबसूरत क्रिसमस ट्री सजाए गए। पाकिस्तान में भी ईसाई समुदाय क्रिसमस धूमधाम से मनाया गया। इस साल इस्लामाबाद के सेरेना होटल में भव्य ट्री लाइटिंग सेरेमनी हुई, जहां कैरोल गायन और प्रार्थना हुई। उत्तरी आयरलैंड के हेलेन बे में, लोग क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बेलफास्ट लॉफ के ठंडे पानी में वार्षिक तैराकी के लिए समुद्र में उतरे। यह आयोजन डिमेंशिया एनआई और एयर एम्बुलेंस एनआई के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से किया गया था। सिराज/ईएमएस 26दिसंबर25 -----------------------------------