राष्ट्रीय
26-Dec-2025
...


तिरुवनंतपुरम,(ईएमएस)। दक्षिणी राज्य केरल में भाजपा ने शुक्रवार को इतिहास रच दिया है। वहां पहली बार भाजपा का महापौर बना है। भाजपा के वरिष्ठ नेता वी.वी. राजेश शुक्रवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम नगर निगम के पहले बीजेपी मेयर चुने गए हैं। यह दक्षिणी राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक और अहम घटना है, क्योंकि राज्य में अब तक बीजेपी को कभी सत्ता नहीं मिली थी। पद संभालने के बाद अपनी पहली टिप्पणी में कहा, हम सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने वाले है। सभी 101 वार्डों में विकास किया जाएगा... तिरुवनंतपुरम को एक विकसित शहर में बदला जाएगा। इसके पहले शुक्रवार की सुबह हुए मेयर चुनाव में 45 साल के राजेश को कुल 51 वोट मिले। उन्हें एक निर्दलीय पार्षद (एम.राधाकृष्णन) का वोट मिला, जबकि एक निर्दलीय पार्षद ने वोट नहीं दिया। इस तरह 100 सदस्यों की उपस्थिति वाले सदन में राजेश के पक्ष में 51 वोट हो गए। उनके खिलाफ खड़े सीपीआईएम के आरपी शिवाजी को 29 और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के केएस सबरिनाथन को कुल 19 वोट मिले। बता दें कि बीजेपी ने दिसंबर की शुरुआत में हुए तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव में 50 सीटें जीतीं थीं। राजेश का मेयर के रूप में पदभार ग्रहण करना तब हुआ है, जब राज्य में आगामी छह महीनों के अंदर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनावों में भाजपा को लंबे समय से संघर्ष करना पड़ रहा है। पार्टी ने इस राज्य में कभी भी जीत हासिल नहीं की है। भाजपा ने 2016 में सिर्फ एक सीट जीती थी। ओ राजगोपाल ने 2016 में तब नेमोम सीट जीती थी। इसके बाद 2024 में पार्टी के एक सांसद अभिनेता सुरेश गोपी ने त्रिशूर से जीत हासिल की थी। इसलिए, राजेश का मेयर बनना केरल की शहरी राजनीति में बीजेपी के लिए एक नए अध्याय का संकेत है। यह जीत इसलिए भी अहम है, क्योंकि पिछले 45 वर्षों से तिरुवनंतपुरम नगर निगम पर सीपीएम का कब्जा था। भगवा दल की यह जीत उस परंपरा को न सिर्फ तोड़ती है, बल्कि दक्षिणी राज्य में भाजपा की पकड़ को मजबूत बनाती है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि सीपीएम और कांग्रेस ने मिलकर शहर को पीछे धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया था और पिछले कई वर्षों में ड्रेनेज, पानी और कचरा प्रबंधन जैसे बुनियादी मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। आशीष दुबे / 26 दिसंबर 2025