इन्दौर (ईएमएस) पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा एवं पूर्व अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष शोभा ओझा के मुख्य आतिथ्य में देश की सबसे पुरानी और व्यापक जनआधारित राजनीतिक पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन आज शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के नेतृत्व में किया जाएगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि स्थापना दिवस का कार्यक्रम आज सुबह 10.30 बजे से गांधी भवन पर आयोजित होगा। कार्यक्रम में सर्वप्रथम सेवादल के कार्यकर्ताओं द्वारा सुबह 10.30 बजे ध्वज बदला जाएगा। इसके बाद कांग्रेसजन पार्टी के इतिहास, विचारधारा एवं भविष्य की दिशा पर विचार साझा करेंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान निर्माण तक राष्ट्रीय चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय को सशक्त करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। इन्हीं गौरवशाली परंपराओं, विचारों और संघर्षों को स्मरण करने हेतु यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस द्वारा एक नई परंपरा भी शुरू की जा रही है। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तियों को गांधी अवार्ड से अलंकृत किया जाएगा। इस बार 10 व्यक्तियों को अवार्ड दिया जाएगा। इसके साथ ही कांग्रेसियों का समूह भोज भी होगा। सेवादल के शहर अध्यक्ष मुकेश यादव तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। आनन्द पुरोहित/ 27 दिसंबर 2025