राज्य
29-Dec-2025


* प्रदेश अध्यक्ष बोले—यह हमारे घर का मामला है, एसटी विभाग की नियुक्ति को लेकर स्थानीय विवाद जल्द सुलझेगा अहमदाबाद (ईएमएस)| छोटा उदेपुर में आयोजित जनआक्रोश रैली के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा ने बयान देते हुए कहा कि पाटन में अनुसूचित जाति से जुड़ी एक नियुक्ति को लेकर कांग्रेस नेता किरीट पटेल नाराज हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस कार्यालय में ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ताला लगाए जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि एसटी डिपार्टमेंट की एक नियुक्ति को लेकर स्थानीय स्तर पर विवाद सामने आया है। अमित चावड़ा ने बताया कि उन्होंने एसटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन से दोनों पक्षों को साथ बैठाकर समाधान निकालने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है और इसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। बता दें कि पाटन जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय को ताला लगाया है। स्थानीय स्वराज की चुनाव से पहले कांग्रेस में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर विवाद खुलकर सामने आया है। वडगाम के विधायक जिग्नेश मेवाणी के विरोध में कांग्रेस के ही कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर नारेबाजी की। अनुसूचित जाति मोर्चा के पाटन जिला अध्यक्ष पद पर सिद्धपुर की जयाबेन शाह की नियुक्ति के खिलाफ तीव्र विरोध हुआ। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हितेंद्र पिठडिया और स्थानीय विधायकों को बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई निर्णय नहीं आने से कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। पाटन जिला कांग्रेस कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष हसमुख सक्सेना की अगुवाई में बैठक कर विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो बड़ी संख्या में इस्तीफे दिए जाएंगे। हसमुख सक्सेना ने आरोप लगाया कि नियुक्ति प्रक्रिया में आवश्यक परामर्श (सेंस लेने की प्रक्रिया) को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है और मनमाने तरीके से निर्णय लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी दलित समाज के भीतर आंतरिक वर्गीकरण कर अन्याय कर रहे हैं, जबकि समाज एकजुट है। पूर्व अध्यक्ष ने जिग्नेश मेवाणी और हितेंद्र पिठडिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका रवैया हमेशा टालने वाला रहा है और वे जिला स्तर के प्रतिनिधियों से मिलने तक को तैयार नहीं हैं। सतीश/29 दिसंबर