राज्य
29-Dec-2025


कल्याण, (ईएमएस)। कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन पत्र जमा करने में सिर्फ चंद घंटे ही बचे हैं। लेकिन महायुति के उम्मीदवारों की अधिकृत सूची अभी तक जारी नहीं हुई है। इस कन्फ्यूजन ने दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों का डर बढ़ा दिया है, और कल्याण पूर्व में नाराजगी का माहौल बन गया है। इस बीच शिवसेना शिंदे के उप शहराध्यक्ष मनोज चौधरी ने जिला प्रमुख गोपाल लांडगे को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। दरअसल मनोज चौधरी पिछले 30 सालों से शिवसेना में काम कर रहे थे। वह पैनल नंबर 18 अ से चुनाव लड़ना चाहते थे। हालांकि, जानकारी मिली कि यह सीट महायुति में भाजपा की रेखा चौधरी को मिलने वाली है। इससे दुखी होकर मनोज चौधरी ने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा, मैंने 30 सालों तक पार्टी के लिए अपना खून-पसीना बहाया है, लेकिन सही समय पर सीट एक सहयोगी पार्टी के लिए छोड़ दिए जाने से कार्यकर्ताओं में बहुत निराशा है। कल्याण पूर्व में विधायक सुलभा गायकवाड़ के चुनाव क्षेत्र में भाजपा को सिर्फ़ सात सीटें मिलने की चर्चा के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार रात कार्यालय में ज़बरदस्त हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा है, हमें गठबंधन नहीं चाहिए, हम अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे। इस बीच, डोंबिवली में पैनल क्रमांक 22 में संदेश पाटिल की सीट भाजपा के लिए छोड़े जाने के बाद डोंबिवली में भी शिवसैनिकों में गुस्सा है। सबका ध्यान इस बात पर है कि क्या संदेश पाटिल अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सामने अब अपने कार्यकर्ताओं को शांत करने की सबसे बड़ी चुनौती है। बगावत रोकने के लिए एबी फॉर्म बांटना रोक दिया गया है, लेकिन इससे उम्मीदवारों की चिंता बढ़ गई है। संतोष झा- २९ दिसंबर/२०२५/ईएमएस