- गठबंधन और सीट बंटवारे का अबतक आधिकारिक घोषणा नहीं - नामांकन पत्र जमा करने में बचे हैं कुछ घंटे मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई समेत राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में 15 जनवरी को चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों के लिए नामांकन पत्र जमा करने की डेडलाइन 23 दिसंबर से शुरू हुई थी और इसकी आखिरी तारीख 30 दिसंबर होगी। शिवसेना और भाजपा ने मुंबई महानगरपालिका चुनाव गठबंधन में लड़ने का फैसला किया है। दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारा सोमवार तक पूरी नहीं हो पाई। नामांकन पत्र जमा करने में भले ही कुछ घंटे बच गए हैं, लेकिन गठबंधन और सीट बंटवारे का आधिकारिक घोषणा नहीं हुआ है। ऐसे में भाजपा ने सोमवार को अपनी पहली सूची जारी की। पहली सूची में 68 लोगों के नाम शामिल हैं। मुंबई समेत सभी 29 महानगर पालिकाओं में नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 2 जनवरी, 2026 है। मनपा चुनाव के लिए मतदान 15 जनवरी, 2026 को है और वोटों की गिनती 16 जनवरी, 2026 को होगी। भाजपा ने 29 दिसंबर को 68 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसमें 31 पुरुष उम्मीदवार और 37 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। शिवसेना (ठाकरे) के पूर्व विधायक विनोद घोसालकर की बहू और पूर्व नगरसेवक अभिषेक घोसालकर की पत्नी तेजस्वी घोसालकर कुछ दिन पहले भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा ने तेजस्वी को वार्ड नंबर 2 से मैदान में उतारा है। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के भाई मकरंद नार्वेकर और मकरंद नार्वेकर की पत्नी हर्षिता नार्वेकर को भाजपा ने मैदान में उतारा है। पूर्व विधायक राज पुरोहित के बेटे आकाश पुरोहित और पूर्व सांसद किरीट सोमैया के बेटे नील सोमैया को भी मैदान में उतारा है। नील सोमैया पिछले मनपा चुनावों में नगरसेवक चुने गए थे। संजय/संतोष झा- २९ दिसंबर/२०२५/ईएमएस