यूपी में 12वीं तक के स्कूल 1 जनवरी तक बंद; दिल्ली में घना कोहरा, 128 फ्लाइट्स कैंसिल नई दिल्ली/भोपाल (ईएमएस)। झारखंड के 7 जिलों में कोल्ड वेव का यलो अलर्ट है। सोमवार को रांची के कांके का तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मप्र के मंदसौर में भी तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में तेज सर्दी के असर के चलते राज्य सरकार ने कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों की 1 जनवरी तक की छुट्टी की है। 18 जिलों में सुबह के वक्त विजिबिलिटी जीरो रही। राजधानी दिल्ली में घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई है। इसकी वजह से कुल 128 फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं, वहीं 8 फ्लाइट्स को डाइवर्ट किया गया है। खराब विजिबिलिटी के चलते अहमदाबाद में भी 8 फ्लाट्स कैंसिल हो गई। राजस्थान के भी कई शहरों में तापमान सिंगल डिजिट में रहा। उधर, उत्तराखंड में ऊपरी इलाकों में मौसम विभाग ने बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसके कारण जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश के तापमान में 2 जनवरी तक गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, मौसम विभाग ने कश्मीर में मंगलवार को बर्फबारी की संभावना जताई है। कोहरे से थमी ट्रेनों की रफ्तार मप्र में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात को भी प्रभावित कर दिया है। कोहरे की वजह से दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने-जाने वाली कई ट्रेनें घंटों लेट चल रही हैं। सोमवार को मालवा एक्सप्रेस 7 घंटे से ज्यादा देरी से चल रही है। भोपाल में इसके पहुंचने का तय समय सुबह 7.25 बजे है, लेकिन यह दोपहर करीब 3 बजे तक पहुंच सकती है। इधर, प्रदेश में रात के तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है।