31-Dec-2025
...


-कई पैसेंजर्स ने स्पष्ट जानकारी और समुचित व्यवस्थाएं नहीं होने की शिकायत की जयपुर,(ईएमएस)। जयपुर एयरपोर्ट पर कल से आज तक पैसेंजर्स को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसी फ्लाइट में घंटों की देरी हुई, तो कई उड़ानें ऐन वक्त पर कैंसिल हो गईं। उत्तर भारत में खराब मौसम और घने कोहरे का असर जयपुर एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। बुधवार सुबह जयपुर से संचालित होने वाली दो फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा। इंडिगो की चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट, जो सुबह 5 बजकर 50 मिनट पर जयपुर से रवाना होती है, चंडीगढ़ में कोहरे के चलते रद्द कर दी गई। वहीं, एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट जो सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर उड़ान भरती है, दिल्ली में खराब विजिबिलिटी के कारण रद्द कर दी गई। फ्लाइट्स के आखिरी वक्त पर रद्द होने से पैसेंजर्स को वैकल्पिक इंतजाम करने में काफी परेशानी हुई। हालांकि एयरलाइन कंपनी द्वारा पैसेंजर्स को रिफंड की व्यवस्था की गई। मुंबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट में पैसेंजर्स को रातभर एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, जबकि दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली बुधवार सुबह की फ्लाइट्स को कोहरे के चलते कैंसिल कर दिया। इसके अलावा एक इंटरनेशनल फ्लाइट को भी जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार रात स्पाइसजेट की मुंबई जाने वाली फ्लाइट संख्या एसजी-251 के यात्री सबसे ज्यादा परेशान हुए। यह फ्लाइट जयपुर से रात 12 बजकर 50 मिनट पर मुंबई के लिए रवाना होनी थी, लेकिन इनकमिंग एयरक्राफ्ट समय पर नहीं पहुंच सका। इसके चलते फ्लाइट लगातार लेट होती चली गई। शेड्यूल के बाद भी काफी बार फ्लाइट टेक ऑफ नहीं कर पाई, जिसके बाद पैसेंजर्स रातभर एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे और आखिरकार फ्लाइट बुधवार सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर मुंबई के लिए उड़ान भर सकी। कई पैसेंजर्स ने एयरलाइन की ओर से समय पर स्पष्ट जानकारी और समुचित व्यवस्थाएं नहीं होने की शिकायत भी की है। दिल्ली में घने कोहरे के कारण एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया। तुर्कमेनिस्तान एयरलाइंस की फ्लाइट टी- 5531, जो अश्गाबात से दिल्ली जा रही थी, दिल्ली में लैंड नहीं कर सकी। इसके बाद इस फ्लाइट को जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराया। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में मौसम में सुधार होने के बाद फ्लाइट को आगे रवाना किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 31दिसंबर25