राष्ट्रीय
31-Dec-2025
...


राहुल गांधी बर्लिन जाकर भारत के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार फैलाते नई दिल्ली,(ईएमएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधकर आरोप लगाया कि भारत के जापान को पीछे छोड़कर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के बाद वे भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करने में जुटे हैं। बीजेपी प्रवक्ता पूनावाला ने राहुल गांधी के बेकार अर्थव्यवस्था वाले बयान की कड़ी आलोचना कर दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार न फैलाने को कह दिया। बीजेपी नेता पूनावाला ने कहा कि भारत विरोधी बयान देने में माहिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी बर्लिन जाकर भारत के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार फैलाते हैं, कभी सेना, कभी संवैधानिक संस्थाओं, कभी सनातन धर्म और कभी आर्थिक शक्ति के खिलाफ, लेकिन आज उन्हें वास्तविकता का सामना करना चाहिए है। बीजेपी नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी कहते थे कि भारतीय अर्थव्यवस्था बेजान है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था अब चौथे स्थान पर है, जबकि मनमोहन सिंह के शासनकाल में यह 11वें स्थान पर थी। आज भारत ने जापान को पीछे छोड़ दिया है। आने वाले ढाई से तीन वर्षों में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। उन्हें भारत को बदनाम करना और भारत के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार फैलाना बंद करना चाहिए। इससे पहले जुलाई 2025 में, राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के “मृत अर्थव्यवस्था” वाले बयान का समर्थन करते हुए कहा था कि हां, वह सही हैं, प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर सभी जानते हैं। सभी जानते हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था एक मृत अर्थव्यवस्था है। मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने एक तथ्य बताया है। पूरी दुनिया जानती है कि भारतीय अर्थव्यवस्था एक मृत अर्थव्यवस्था है। केंद्र सरकार ने बताया कि 4.18 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की जीडीपी के साथ, भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और आने वाले वर्षों में वैश्विक रैंकिंग में और ऊपर चढ़ने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में भारत के वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 8.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो छह तिमाहियों में शीर्ष स्तर है और चुनौतीपूर्ण वैश्विक व्यापार परिवेश के बावजूद मजबूत घरेलू मांग को दिखाती है। रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत और चौथी तिमाही में 7.4 प्रतिशत की वृद्धि दर के बाद यह वृद्धि दर्ज की गई है। इस बीच, कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने जीडीपी गणना पद्धति में खामी का आरोप लगाकर कहा कि भारत सरकार विश्व स्तर पर अपनाई जाने वाली उत्पादन-आधारित पद्धति के बजाय उपभोक्ता-आधारित पद्धति का उपयोग करती है। आशीष दुबे / 31 दिसंबर 2025