राज्य
01-Jan-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) भागीरथपुरा में इन्दौर नगर निगम द्वारा सप्लाई दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध में कांग्रेस नेताओं द्वारा आज अल सुबह इन्दौर नगर निगम मुख्यालय पर निगम कंट्रोल रूम सहित कई जगह निगम को कमलछाप यमराज बताते पोस्टर चिपका दिए थे। कांग्रेस ने इन पोस्टरों में आरोप लगाया था कि नरभक्षी निगम द्वारा भागीरथपुरा में यमराज और कमलछाप मौत का पानी बांटा गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा शासित इंदौर नगर निगम की घोर लापरवाही अब जनसंहार का रूप ले चुकी है। हालांकि सुबह निगम मुख्यालय पहुंचे निगम कर्मियों ने इन पोस्टरों को देखा तो उन्होंने अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर पोस्टर हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भागीरथपुरा क्षेत्र में ड्रेनेज और गंदे पानी की समस्या के कारण अब तक 14 निर्दोष नागरिकों की मौत हो चुकी है। कई लोग गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, लेकिन नगर निगम और जिम्मेदार अधिकारी अब भी कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं। उनका कहना है कि जिस नगर निगम को जनता को शुद्ध पेयजल देना था, वही निगम आज जनता को मौत का पानी पिला रहा है। तथाकथित स्मार्ट सिटी की हकीकत यह है कि नलों से जहर बह रहा है और भाजपा के जनप्रतिनिधि सिर्फ प्रचार में व्यस्त हैं। आज हालात ऐसे हैं कि इंदौर में यमराज भी कमल के साथ दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि भाजपा-शासित नगर निगम ने अब भी जिम्मेदारी नहीं ली, तो कांग्रेस मजबूर होकर सड़क तक आंदोलन लेकर जाएगी और इस मौत के नगर निगम को जनता के कटघरे में खड़ा करेगी। आनन्द पुरोहित/ 01 जनवरी 2026