राज्य
02-Jan-2026
...


:: मुख्यमंत्री ने खाचरौद को दी 78.61 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, क्षेत्र में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क :: इंदौर/खाचरौद (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन जिले के खाचरौद में विकास की नई आधारशिला रखते हुए बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाएगी, जिसमें संपूर्ण ध्यान कृषि आधारित उद्योगों के विकास और किसानों की आय में वृद्धि पर केंद्रित रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने खाचरौद क्षेत्र के लिए 78.61 करोड़ रुपये की लागत वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने अन्नदाता से ऊर्जादाता संकल्प को दोहराते हुए कहा कि प्रदेश के 32 लाख किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे। हर साल 10 लाख किसानों को इस योजना से जोड़ा जाएगा, जिससे उन्हें बिजली बिल से मुक्ति मिलेगी और वे सरप्लस बिजली बेचकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे। उन्होंने गेहूं खरीदी पर 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने और आगामी 5 वर्षों में सिंचाई क्षमता 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य भी साझा किया। क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने खाचरौद में फूड प्रोसेसिंग पार्क और खिलाड़ियों के लिए नया स्टेडियम बनाने की घोषणा की। शिक्षा के क्षेत्र में 35.40 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय और कृषि क्षेत्र के लिए 11.30 करोड़ की नवीन मंडी का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, खाचरौद को रतलाम से सीधे फोरलेन से जोड़ने और इसे इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन एरिया की कनेक्टिविटी देने का ऐलान किया गया। डॉ. यादव ने बताया कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना से मालवा-निमाड़ की सिंचाई व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। उन्होंने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों और श्रीकृष्ण पाथेय के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की बात भी कही। कार्यक्रम में विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, सांसद अनिल फिरोजिया और अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रकाश/02 जनवरी 2025