कांकेर(ईएमएस)। प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली में लापरवाही सामने आने पर कांकेर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सख्त रुख अपनाया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले 130 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला कार्यालय और जिला परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों में कुल 295 अधिकारी-कर्मचारी पंजीकृत हैं। इनमें से केवल 165 अधिकारी-कर्मचारी ही निर्धारित समय पर नियमित उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। वहीं 29 अधिकारी-कर्मचारी ऐसे पाए गए हैं, जिनकी उपस्थिति निर्धारित समय के बाद एप में दर्ज हो रही है। इसके अलावा गंभीर लापरवाही का मामला तब सामने आया जब 101 अधिकारी-कर्मचारियों का पंजीयन होने के बावजूद उनकी बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली में दिखाई ही नहीं दे रही है। इसे प्रशासनिक अनुशासन की खुली अवहेलना मानते हुए कलेक्टर ने इन सभी को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि 1 जनवरी 2026 से जिला कार्यालयों में आधार लिंक्ड बायोमेट्रिक प्रणाली से ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शासकीय सेवकों की नियत समय पर उपस्थिति और जवाबदेही में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ईएमएस(राकेश गुप्ता)07 जनवरी 2026