क्षेत्रीय
07-Jan-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की तैयारियां जोरों पर हैं। चयन ट्रायल को लेकर अधिक से अधिक युवाओं तक जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से प्रचार वाहन को कांकेर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के अधिकाधिक आदिवासी युवक-युवतियों से पंजीयन कर चयन ट्रायल में भाग लेने की अपील की। जिला खेल अधिकारी ने जानकारी दी कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए चयन ट्रायल 8 जनवरी तक रायपुर और बिलासपुर में आयोजित किए जा रहे हैं। ट्रायल में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की मूल प्रति के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि देश में पहली बार छत्तीसगढ़ की मेजबानी में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन हो रहा है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। इस प्रतियोगिता के लिए कुल सात खेल विधाओं में चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। रायपुर में वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल और हॉकी के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल हो रहा है। वहीं तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी के ट्रायल बिलासपुर में आयोजित किए जा रहे हैं। ईएमएस(राकेश गुप्ता)07 जनवरी 2026