मनोरंजन
08-Jan-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। टीवी का पॉपुलर रियलिटी शो ‘नच बलिए’ के अब तक हुए 9 सीजन में से 4 सीजन के विनर्स कपल्स आज एक-दूसरे से अलग हो चुके हैं। इस पापुलर शो के कुल 9 सीजन में नजर आई करीब 22 जोड़ियां या तो तलाक ले चुकी हैं या अब रिश्ते में नहीं हैं। नच बलिए सीजन 3 की विनर जोड़ी आमिर अली और संजीदा शेख कभी टीवी की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में गिने जाते थे। दोनों ने शानदार परफॉर्मेंस के दम पर ट्रॉफी अपने नाम की थी, लेकिन बीते चार सालों से वे अलग रह रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों का तलाक हो चुका है और संजीदा शेख अकेले ही अपनी बेटी की परवरिश कर रही हैं। इसी तरह नच बलिए सीजन 4 जीतने वाले शालीन भनोट और दलजीत कौर की जोड़ी भी ज्यादा वक्त तक साथ नहीं चल सकी। साल 2015 में दोनों का तलाक हो गया था और उनके बेटे की कस्टडी दलजीत कौर को मिली। नच बलिए सीजन 5 के विनर जय भानुशाली और माही विज टीवी इंडस्ट्री का आइडियल कपल माने जाते थे। लंबे समय तक साथ रहने के बाद हाल ही में दोनों ने अपने अलग होने का ऐलान किया। तीन बच्चों के माता-पिता जय और माही ने साफ किया है कि वे बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे। वहीं नच बलिए सीजन 6 के विनर ऋत्विक धनजानी और आशा नेगी की जोड़ी भी फैंस के बीच बेहद पॉपुलर थी, लेकिन साल 2020 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर लिया। इन चार विनर्स के अलावा शो के अलग-अलग सीजन में नजर आई कई अन्य जोड़ियां भी अब साथ नहीं हैं। नच बलिए सीजन 2 से राजीव पॉल-डेलनाज ईरानी, राजा चौधरी-श्वेता तिवारी, गौरव चोपड़ा-नारायणी शास्त्री जैसे रिश्ते टूट चुके हैं। सीजन 3, 4, 5, 6, 7 और 9 में नजर आए करण पटेल-अमिता चंदेकर, इंद्रनील सेन गुप्ता-बरखा बिष्ट, करण मेहरा-निशा रावल, राकेश बापट-रिद्धि डोगरा, नंदीश संधू-रश्मि देसाई, उपेन पटेल-करिश्मा तन्ना, शांतनु महेश्वरी-नित्यामी शिर्के और श्रद्धा आर्या-आलम मक्कार जैसी कई जोड़ियां भी अब अलग हो चुकी हैं। इन आंकड़ों ने नच बलिए के ग्लैमरस मंच के पीछे रिश्तों की नाजुक हकीकत को उजागर कर दिया है। बता दें कि यह शो दर्शकों के बीच कपल्स के डांस, केमिस्ट्री और रोमांस की वजह से खास पहचान बना चुका है। इस शो के हर सीजन में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कई चर्चित कपल्स ने हिस्सा लिया और अपने टैलेंट के दम पर न सिर्फ ट्रॉफी जीती बल्कि फैंस के दिलों में भी जगह बनाई। हालांकि, शो से जुड़े आंकड़े अब चौंकाने वाले साबित हो रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 08 जनवरी 2026