- रुपये के लेनदेन को लेकर चल रही पुरानी रंजिश - गोलियों की आवाज से बाजार में मचा हड़कंप - व्यापारियों ने आनन-फानन में की दुकानें बंद अजमेर (ईएमएस)। अजमेर जिले के केकड़ी शहर में बुधवार शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाके अजमेरी गेट पर दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात हो गई। रुपये के लेनदेन को लेकर चल रही पुरानी रंजिश में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रिंटिंग प्रेस मालिक पर गोलियां चला दीं। इस सनसनीखेज घटना से पूरा बाजार दहल उठा और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। पुलिस के अनुसार अजमेरी गेट स्थित अम्बिका प्रिंटर्स के मालिक महेन्द्र साहू (50) का केकड़ी निवासी अजय साहू के साथ लंबे समय से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार शाम करीब चार बजे अजय अपने कुछ साथियों के साथ महेन्द्र की दुकान पर पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान अजय ने पिस्टल निकालकर महेन्द्र पर फायरिंग कर दी। गोली उसके पेट और हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। गोलियों की आवाज से बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दीं। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज भी सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी अजय साहू को दबोच लिया। उसके दो अन्य साथियों को भी बाद में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कुछ आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। घायल महेन्द्र साहू को तुरंत राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे अजमेर रेफर किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और इस वारदात में और कौन-कौन शामिल था। घटना के बाद पूरे केकड़ी शहर में दहशत का माहौल है।