- यूसीसी देश के लिए जरूरी, प्रदेश में जल्द लागू होगी: विश्वास सारंग भोपाल(ईएमएस)। । मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग एवं मंत्री लखन पटेल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उनकी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया जा सका, उन्हें संबंधित विभागों को निराकरण के लिए भेजा गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उनकी कठिनाइयों को समझा और उन्हें जल्द से जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) देश की आवश्यकता है। भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश में सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून होना चाहिए, ताकि न्याय व्यवस्था और नागरिक अधिकारों में एकरूपता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि देश के कुछ राज्यों ने यूसीसी को लागू कर सकारात्मक पहल की है, इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने भी यूसीसी के संबंध में समिति का गठन किया है। समिति विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर रही है और सरकार की मंशा है कि व्यापक विचार-विमर्श एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश में भी इसे लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्तमान में पूरी तरह से हताशा की स्थिति में है। कांग्रेस में लोग सिर्फ पद और प्रतिष्ठा के लिए काम करते हैं। कांग्रेस की स्थिति केवल प्रदेश में ही नहीं पूरे देश में खराब है। इस अवसर पर तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण अध्यक्ष विनोद गोटिया उपस्थित रहे।