मुंबई (ईएमएस)। लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री सुरभि चंदना इन दिनों विदेश यात्रा पर हैं। सात समंदर पार शानदार जगहों पर वक्त बिताने के बावजूद सुरभि अपने शहर मुंबई और खास तौर पर वहां के मशहूर वड़ा पाव को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने इस भावना को सोशल मीडिया के जरिए बड़े ही मजेदार अंदाज में साझा किया है। सुरभि चंदना ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वह पिछले 15 दिनों से भारत से बाहर हैं। इस दौरान उन्हें मुंबई की छोटी-छोटी बातें बहुत याद आने लगी हैं। वीडियो में सुरभि यह दिखाती नजर आईं कि कैसे विदेश की खूबसूरत लोकेशंस और आरामदायक जिंदगी के बीच भी उनका दिल मुंबई के ट्रैफिक, सड़कों के गड्ढों और वड़ा पाव के स्वाद को मिस कर रहा है। उन्होंने इस वीडियो में साल 2006 में आई फिल्म ‘शादी से पहले’ के एक मशहूर डायलॉग का इस्तेमाल किया, जिसमें सुनील शेट्टी का किरदार अपने शहर के लिए तड़पता नजर आता है। सुरभि ने उसी भावना को हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में पेश किया। वीडियो में सुरभि यह कहते हुए दिखाई देती हैं कि अब उनका मन वापस मुंबई लौटने का करने लगा है, ताकि वह अपने शहर की रफ्तार और वहां की जिंदगी को फिर से जी सकें। वीडियो के ऊपर लिखे टेक्स्ट में उन्होंने कहा कि 15 दिन विदेश में बिताने के बाद अब उन्हें मुंबई की असली पहचान याद आने लगी है और ट्रैफिक, वड़ा पाव व गड्ढे देखने की तलब हो रही है। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “मुंबई, वड़ा पाव, तेरी याद आ गई।” सुरभि के इस पोस्ट पर टीवी इंडस्ट्री के कई सितारों ने प्रतिक्रिया दी। दिशा परमार ने जहां इसे “बहुत अच्छे” कहा, वहीं मोनालिसा ने ट्रैफिक और गड्ढों वाली बात पर हंसते हुए वीडियो को मजेदार बताया। बता दें कि मुंबई सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि यहां बसने वालों के लिए एक खास एहसास है। जो शख्स एक बार इस शहर में रह लेता है, वह दुनिया के किसी भी कोने में चला जाए, मुंबई की यादें उसका पीछा नहीं छोड़तीं। सुदामा/ईएमएस 09 जनवरी 2026