मनोरंजन
03-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में अभिनेता राजपाल यादव को करोडों के कर्ज के मामले में जेल जाना पडा था। जेल से बाहर आते ही कलाकार ने काम पर वापसी की और वैनिटी वैन से अपना एक वीडियो साझा कर फैंस और शुभचिंतकों को दिल से धन्यवाद दिया। अब अभिनेता ने अपने करियर में एक बड़ा कदम उठाते हुए अपना नया यूट्यूब चैनल शुरू किया है, जिसके माध्यम से वे दर्शकों को नए अंदाज में मनोरंजन देने वाले हैं। अभिनेता ने घोषणा करते हुए बताया कि उनका आधिकारिक चैनल राजपाल नौरंग यादव अब शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से इस नई शुरुआत की तैयारी कर रहे थे और अब यह दिन आ गया है। उनका लक्ष्य हर आयु वर्ग के लोगों को मनोरंजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ फिल्मों से ही नहीं, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भी लोगों को हंसाने और जोड़ने की कोशिश करेंगे। राजपाल ने अपने प्रशंसकों से अपील की कि वे इस डिजिटल सफर में भी उनका साथ दें, क्योंकि यह उनके जीवन की नई पारी है। फिल्मों की बात करें तो राजपाल यादव पूरी तरह कमबैक मोड में हैं। उनकी आगामी फिल्म भूत-बंगला 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का पहला पोस्टर और गाना जारी हो चुका है, और दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि फिल्म हास्य से भरपूर होगी, और राजपाल की कॉमेडी टाइमिंग एक बार फिर दर्शकों को लुभाने वाली है। अभिनेता की मुश्किलें तब शुरू हुईं जब उन्होंने अपनी पिछली फिल्म के निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म फ्लॉप होने के बाद वे भारी कर्ज में डूब गए और मामला अदालत तक पहुंच गया। नतीजतन उन्हें तिहाड़ जेल में 13 दिन बिताने पड़े। इस कठिन समय में अभिनेता सोनू सूद उनके समर्थन में आगे आए और उनके लिए आर्थिक मदद जुटाने की पहल की। इसके बाद कई फिल्मी हस्तियों ने भी सहयोग दिया, जिससे राजपाल को राहत मिली और वे जेल से बाहर आ सके। राजपाल यादव ने कहा कि यह नई डिजिटल शुरुआत उनके लिए उम्मीद की किरण है। वे मानते हैं कि संघर्ष ने उन्हें मजबूत बनाया है और अब वे एक बार फिर दर्शकों को हंसाने और प्रेरित करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि वे इस मौके को पूरी ईमानदारी के साथ निभाएंगे और प्रशंसकों के समर्थन को हमेशा याद रखेंगे। अभिनेता ने हाल ही में 9 करोड़ रुपये के कर्ज मामले में 13 दिन तिहाड़ जेल में बिताए, अब दोबारा अपनी पेशेवर जिंदगी को नई दिशा देने में जुट गए हैं। सुदामा/ईएमएस 03 मार्च 2026